रांची : बिहार के भागलपुर की युवती से मॉडलिंग के नाम पर यौन शोषण करने और लव जिहाद के मामले में रांची पुलिस की टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए आरोपित तनवीर अख्तर को गिरफ्तार किया है। एसएसपी किशोर कौशल ने बुधवार रात को बताया कि तनवीर अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी बिहार के अररिया से हुई है।
इस मामले में आठ जून को रांची पुलिस की ओर से मॉडल का रांची के कोर्ट में 164 का बयान दर्ज कर उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि मॉडल ने रांची के तनवीर अख्तर पर यौन शोषण करने और जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तनवीर अख्तर रांची में यश मॉडलिंग एजेंसी चलाता था। उक्त युवती यहां मॉडिलंग करने आयी थी। इसी दौरान उसका संपर्क तनवीर से बढ़ा था। उक्त युवती ने मुंबई के वर्सोवा में मामला दर्ज कराया था, जिसे बाद में रांची के गोंदा थाना को भेज दिया गया। इसके बाद मामले की जांच रांची के गोंदा पुलिस कर रही है। मामले में रांची पुलिस मुंबई जाकर मॉडल का बयान और प्रताड़ित किये गये वीडियेा फुटेज लेकर आयी थी।


