खरगोन : मध्य प्रदेश के धार जिले में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां मंगलवार देर रात एक किराना व्यापारी के घर से चोर करीब 20 लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर और पांच लाख रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय परिवार कमरे में सोता रहा।सुबह जब परिवार जागा तो घटना की जानकारी लगी। सूचना मिलने पर थाना मंडलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम धरगांव में मेन रोड पर बड़वाह-धामनोद मार्ग स्थित महावीर किराना स्टोर पर संजय प्रकाश जैन के दो मंजिला मकान है। मंगलवार देर रात व्यापारी और उसका परिवार आगे के कमरे में सो रहा था। इस दौरान करीब एक से तीन बजे के करीब बदमाशों ने महाराणा प्रताप राजपूत धर्मशाला के दरवाजों का ताला तोड़ा। इससे लगी व्यापारी की आठ फीट ऊंची दीवार को फांद कर छत की टावर के गेट का ताला तोड़ बदमाश घर में घुसे। यहां से बदमाश अलमारी में रखा 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर और करीब पांच लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर भाग निकले। सुबह व्यापारी दुकान का कुछ सामान लेने उस कमरे में गया तो वहां देखा अलमारी व कपड़े, मान बिखरा पड़ा था। चोरी का पता चलते ही व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस थाना मंडलेश्वर को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर एसडीओपी मनोहर गवली, एसआई कैथवास, बीट प्रभारी मुकेश यादव ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर डाग स्क्वाड की भी मदद ली गई। घटना वाली जगह पर सर्चिंग की गई।
व्यापारी ने बताया कि चोर पांच लाख नकदी, सोने के आभूषणों में चार मंगलसूत्र, एक चेन, सात अंगूठी, तीन पेंडल, छह कान के टाप्स, दो चांदी के ग्लास, एक चांदी का सिक्का व एक मोबाइल फोन चोरी कर भागे है। व्यापारी के अनुसार चोर के एक बैग भी लेकर गए हैं। जिसमें एक छोटा मोबाइल फोन रखा हुआ था। शायद इस बात की जानकारी बदमाशों को नहीं थी। व्यापारी ने उक्त फोन का नंबर पुलिस को दिया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। जिसमें बदमाशों के धार जिले के नालछा की ओर जाने की लोकेशन पुलिस को मिली। इसके बाद बदमाशों ने फोन बंद कर लिया। पुलिस इसी आधार पर अब बदमाशों की तलाश कर रही है। इस रुट के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।


