spot_img

Ahmedabad : चक्रवात बिपरजॉय पोरबंदर से 450 किलोमीटर दूर, 3 जिलों में रेड अलर्ट

15 जून तक गुजरात के समुद्र तट से टकराने की आशंका
हवा की रफ्तार 135 किमी. प्रति घंटे रहने का अनुमान
अहमदाबाद: (Ahmedabad)
अरब सागर में चक्रवात बिपरजॉय को लेकर गुजरात के समुद्र तटीय जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। राज्य के सभी बंदरगाहों पर मंगलवार-बुधवार से ही खतरे का सिग्नल जारी किया गया है। हाल में बिपरजॉय चक्रवात के दक्षिण पश्चिम पोरबंदर से 450 किलोमीटर की दूरी पर होने की जानकारी है। इसके अलावा द्वारका से 490 और नलिया से 570 किलोमीटर दूर है। अब धीरे-धीरे यह तट की ओर समीप आ रहा है। 15 जून तक इसे समुद्र तट पर टकराने का अनुमान है।

बिपरजॉय चक्रवात धीरे-धीरे प्रचंड रूप लेने लगा है। मौसम विभाग ने 15 और 16 जून को कच्छ, जामनगर और देवभूमि द्वारका के लिए बारिश के संबंध में रेड अलर्ट जारी किया है। पोरबंदर, जामनगर, कच्छ का कांडला और मांडवी बंदरगाह पर 4 नंबर का सिग्नल जारी किया गया है। इधर, चक्रवात के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मीटिंग कर राज्य के मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है।

अमरेली जिले के जफराबाद समुद्र तट पर चक्रवाती तूफान का व्यापक असर देखा गया। अरब सागर में प्रचंड रूप धारण कर बिपरजॉय चक्रवात पश्चिम की ओर आगे बढ़ रहा है। हाल सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों मे तेज हवा बहने का दौर शुरू हो चुका है। इसके कारण समुद्र तटों पर लहरे 10 से 15 फीट तक उछाल मार रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी 15 और 16 जून को हवा की गति और बारिश को देखते हुए 3 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन तीन जिलों में 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने का अनुमान लगाया गया है। साथ भी भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।

Explore our articles