लखनऊ : लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने लखनऊ में अर्जुनगंज के समीप मरी माता मंदिर के निकट फोर लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर एवं अंडरपास बनवाने की तैयारी कर ली है। चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर, पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्य एवं अंडरपास के कार्य के लिए कुल 193.05 करोड़ रुपये के बजट का खर्च आएगा। इस चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर एवं अंडरपास की कुल लंबाई करीब 2.670 किमी होगी।
मरी माता मंदिर के पास सड़क संकरी होने से यहां आए दिन ट्रैफिक जाम होता है। एलिवेटेड रोड बन जाने से अर्जुनगंज से शहीद पथ तक आने-जाने में काफी आसानी होगी। इस एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद लोगों को आवागमन में काफी आसानी होगी। इस मार्ग का उपयोग शहीदपथ से होते हुए एयरपोर्ट को आने वाले अति विशिष्ट जनप्रतिनिधियों द्वारा भी किया जाता है, जिससे उक्त स्थल पर फ्लाईओवर एवं अंडरपास का निर्माण किया जाना अति आवश्यक है।


