जयपुर : झोटवाड़ा थाना पुलिस ने चिटफंड कंपनी की आड़ में लोगों से ठगी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित डायरेक्टर बुद्धराम उर्फ भवानीशंकर (31) निवासी गांव मालेर थाना राजीयासर जिला श्रीगंगानगर हाल टैगोर नगर अजमेर रोड को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में परिवादी मनदीप सिंह राठौड़ ने जरिए इस्तगासे एस्क्लेयर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें पदाधिकारी बुधराम, हिम्मत काढ़त, गोपाल लाल, किशन कुमार सहित अन्य पर आरोप था कि इन लोगों ने उसे झांसे में लेकर कंपनी में ज्वाइन करवाकर रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद चेन सिस्टम के जरिए लोगों को जुड़वाकर उनसे ठगी की गई। कंपनी के प्रोडक्ट को बाजार भाव से महंगा बेचने के लिए कहा गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल के बाद आरोपित डायरेक्टर बुधराम को गिरफ्तार कार कोर्ट में पेश किया, जिसे जेल भिजवा दिया गया है। वही, गिरोह के अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


