spot_img

Kolkata : समुद्र में दो किमी से अधिक रफ्तार पकड़ सकता है चक्रवात मोचा, भारतीय राज्यों को खतरा नहीं

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान मोचा आज यानी शुक्रवार रात को ही भीषण चक्रवात में तब्दील हो जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार शाम को अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय ने एक बयान में दी है। प्रशासन ने तूफान से संभावित चुनौतियों को निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की आठ टुकड़ियां प्रभावित समु्द्री तटीय इलाकाें में तैनात की हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात फिलहाल समुद्री क्षेत्र में ही है और यहां इसकी गति 210 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। हालांकि 14 मई के पहले यह समुद्र तट से नहीं टकराएगा। राहत वाली बात यह है कि इसका असर भारतीय राज्य पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बहुत अधिक होने वाला नहीं है। 14 मई यानी रविवार दोपहर के समय यह बांग्लादेश के कॉक्स बाजार और म्यांमार के सीतवे के पास लैंडफॉल करेगा। उस समय इसकी गति 150 से 175 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है जिसकी वजह से भारी जानमाल के नुकसान की आशंका है।

एक बार फिर मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि पश्चिम बंगाल के साथ ही देश के दूसरे तटीय राज्यों में चक्रवात को लेकर चिंता का कोई कारण नहीं है। बहरहाल, इसके प्रभाव से तेज आंधी तूफान के साथ बारिश जरूर होगी। इसके भी कारण जानमाल का नुकसान हो सकता है। इसीलिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की आठ टुकड़ियां दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में समुद्र तटीय क्षेत्रों में तैनात कर दी गई हैं।

Explore our articles