अनूपपुर : फुनगा चौकी अंतर्गत अनपढ़ व्यक्ति से लोन के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत शुक्रवार को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से की है। पीड़ित ने बताया कि पहले देवान के नाम से 5 लाख रुपये का लोन पास कराया गया, उसके बदले उससे 7 चेक में हस्ताक्षर कराकर रख लिया गया। जिससे चेक के माध्यम से उसी लोन से 2 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।
जानकारी अनुसार देवान सिंह पुत्र कुनवा निवासी ग्राम दैखल निवासी का खाता भारतीय स्टेट बैंक जमुना कालरी में है। इसी बैंक के खाते से लोन लिया हैं। लोन की राशि 5 लाख रुपए हैं। ग्राम पंचायत बाँडीखार निवासी एजेन्ट धमेन्द्र सिंह लोन पास करवाने के लिए 7 बैंक चेक में हस्ताक्षर कराकर कहा कि बैंक मैनेजर के पास जमा करना है। पीड़ित ने 7 चैक पर हस्ताक्षर कर दिए। 6 प्रतिशत के दर से 80 हजार रुपए नगद ले लिए। फिर चेक से 1 लाख 50 हजार रुपए दुर्गेश प्रसाद व दिनेश के साथ मिल कर निकाल लिया गया। इसके साथ ही बिना जानकारी के अपना मोबाइल नंबर पीड़ित खाते में दर्ज करवा लिया है। वहीं पीड़ित को बाद में पता चला की खाता में मोबाइल नम्बर दर्ज नहीं है। जब अपना खाता चेक करवाया, तो पता चला की धमेन्द्र सिंह का मोबाइल नंबर फीड है। जब भी लेन-देन करता था, तो धमेन्द्र के मोबाइल में मैसेज जाता है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की हैं।


