प्रेम प्रसंग के चलते हुई घटना
मुरैना : जौरा कस्बे में शुक्रवार को भरे बाजार सिरफिरे आशिक ने एक लड़की को उस समय गोली से उड़ा दिया, जब वह सड़क किनारे माला पिरोने का काम कर रही थी। लड़की को मारने के बाद युवक ने खुद को भी गोली से उड़ा दिया। पलभर में ही लड़का व लड़की की मौत हो गई। इस घटना के बाद बाजार में अफरा तफरी मच गई और व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए और इस सारे मामले की जानकारी ली। पता चला है कि यह मामला प्रेम प्रसंग का है।
जौरा कस्बा स्थित सदर बाजार में स्थित हनुमान मंदिर के आगे बैठकर सोनिया पुत्री स्वर्गीय लोकेंद्र गोस्वामी उम्र 16 साल अपने रिश्तेदारों के साथ माला पिरोने का कार्य करती थी। शुक्रवार की दोपहर वह माला पिरोने का जब कार्य कर रही थी इसी दौरान विजय प्रजापति पुत्र रघुवीर प्रजापति उम्र 21 साल निवासी पुराना जौरा वहां आया और वह सोनियां से बात करने लगा। इन दोनों के बीच लगभग 15 से 20 मिनट तक बात हुई। इसके बाद विजय व सोनिया के बीच कहासुनी होने लगी।
इसी बीच विजय ने कट्टा निकाला और सोनिया के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सोनिया मौके पर ही ढेर हो गई। गोली मारने के बाद विजय ने वहां से भागने का प्रयास किया। लेकिन चंद कदम के फासले पर ही उसने खुद के सिर में भी कट्टा अड़ाया और ट्रिगर दबा लिया। तेज आवाज के साथ ही उसका शरीर भी वहीं ढेर गया। एक साथ चलीं दो गोलियों और वहां बिछी दो लाशों की वजह से चंद मिनटों में ही पूरा बाजार बंद हो गया। व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। सूचना मिलने पर एसडीओपी ऋतु काबारे एवं नगर निरीक्षक ओपी रावत मौके पर पहुंचे।
उधर इस जघन्य घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। वीडियो फुटेज में भी विजय द्वारा सोनिया की हत्या करने एवं आत्महत्या करना दिखा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया ने बताया कि मृतक विजय प्रजापति मूल रूप से पुराना जौरा का रहने वाला है तथा पुणे में पुताई पेंटिंग का कार्य करता है। विजय पिछले दिनों ही अपने परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आया था। चूंकि विजय का पुराना जौरा में ही रहने वाली सोनिया से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इस बात की जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। इसलिए चार-पांच दिन पूर्व विजय के परिजन सोनिया के घर भी गए थे तथा उनसे कहा था कि अपनी लड़की से कह दो हमारे लड़के से बात नहीं करे। बताया जाता है कि लगभग 6 माह पूर्व भी विजय जिस नंबर से लड़की से बात करता था उस नंबर की सिम को भी विजय के परिजनों ने तोड़ दिया था।
मृतक विजय की जेब से 315 बोर कट्टे के पांच जिंदा कारतूस मिले हैं। जबकि जिस कट्टे से गोली मारी है वह भी सड़क पर उसके पैरों के पास से पुलिस ने जप्त किया है। बताया जाता है कि विजय के परिजन उसकी शादी के लिए लड़की देख रहे थे तथा कुछ ही दिनों में उसका संबंध भी पक्का होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना घटित हो गई। मृतका के परिजनों द्वारा मृतक विजय प्रजापति के विरुद्ध थाने में एफ आई आर कराने की बात नगर निरीक्षक ओपी रावत ने कही है।
बीच बाजार हुए इस घटनाक्रम के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतक विजय प्रजापति के परिजनों का यह आरोप था कि विजय की हत्या तीन-चार लोग करके भागे हैं, जबकि सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से विजय, सोनिया के सिर में गोली मारकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया ने एसडीओपी रितु केबरे को विस्तृत जानकारी एकत्रित करने निर्देश दिएगए।


