’क्रिकेट फीवर… बैटी आर्ट’ नाम से लखनऊ में शुरू हुआ चार दिवसीय अखिल भारतीय कला शिविर
आठ प्रदेश के कलाकार ले रहे हैं भाग
लखनऊ : इन दिनों जब क्रिकेट प्रेमियों में आईपीएल का बुखार चढ़ा हुआ है। गांव से लेकर बडे़ शहरों तक में इस खेल का उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में गुरुवार को लखनऊ में क्रिकेट से जुड़े विशेष कला शिविर का आयोजन किया गया है। यह कैम्प क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुत ही खास है। यह कला शिविर एक अलग और नए आयाम में देखा जा सकता है। शहर के माल एवेन्यू स्थित सराका आर्ट गैलरी में ’क्रिकेट फीवर… बैटी आर्ट’ के शीर्षक से चार दिवसीय अखिल भारतीय कला शिविर का उद्घाटन हुआ। इससे पहले शिविर की क्यूरेटर एवं एपीजेटीयू की वास्तुकला एवं योजना संकाय की अधिष्ठाता डॉ वंदना सहगल ने आठ प्रदेशों से आए कलाकारों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
ऑर्डिनेटर भूपेंद्र कुमार अस्थाना ने कलाकारों को इस शिविर के मुख्य उद्देश्य से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस चार दिवसीय कला शिविर में सभी कलाकारों को क्रिकेट बैट पर को अपना कैनवस बनाना है, जिस पर अपनी-अपनी तकनीकी, शैली पर पेंटिंग, इंस्टॉलेशन, इंग्रेविंग इत्यादि करते हुए एक सुंदर कलाकृति का रूप देना है।
इस शिविर में नई दिल्ली से वरिष्ठ कलाकार आनंद मोय बनर्जी, दत्तात्रेय आप्टे, संजय शर्मा, राजेश राम, असम से बिनॉय पॉल, मणिपुर से प्रेम सिंह, बड़ोदरा से विजया चौहान, बिहार से हेमा देवी, महाराष्ट्र से मनोज शर्मा, मध्यप्रदेश से नीलेश योगी, उत्तर प्रदेश से धीरज यादव सहित डॉक्यूमेंट करने के लिए झारखंड से मनीषा कुमारी और बिहार से शैलेंद्र कुमार ने भाग किया है।


