मतदान की कतार में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की दिखी अधिक संख्या
युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग व असहाय भी पीछे नहीं, लोकतंत्र में दी आहुति
मीरजापुर : लोकतंत्र में मतदान के जरिए भागीदारी को लेकर गुरुवार को हर वर्ग के लोगों में उत्साह देखा गया। मतदान के दौरान एक ओर जहां युवा मतदाताओं में उत्साह था तो बुजुर्ग भी इससे पीछे नहीं रहे। विकास को लेकर पिछले चुनावों में हिचकिचाती महिलाओं ने इस बार विकास का जिम्मा अपने हाथों में लिया। घर की दहलीज लांघ मतदान केंद्रों पर पहुंची महिलाओं ने घूंघट की ओट में वोट की चोट की।
कभी ऐसा समय था जब बुजुर्गों के सम्मान में महिलाओं का घूंघट घर की दहलीज लांघने में अड़चन करता था। पिछले चुनावों में भी महिलाएं कम ही जागरूक दिखीं, लेकिन इस बार निकाय चुनाव में महिलाओं में विशेष जागरूकता देखी गई। मतदान केंद्र पहुंची महिलाओं ने विकास के लिए वोट दिए। बूथ पर मतदान शुरू होने से पूर्व ही महिलाएं चौका बर्तन छोड़ सुबह से ही लोकतंत्र के इस महायज्ञ में मतदान की आहुति देने के लिए लाइन में लग गयी थीं और अपने मताधिकार का जमकर प्रयोग किया। जब आधी आबादी मतदान के लिए आगे आई हैं तो निश्चित ही परिणाम भी अप्रत्याशित हो सकते हैं।
महिला मतदाता प्रतिमा मिश्रा ने कहा कि विकास के लिए वोट देना आवश्यक है। शहर की सरकार चुनने के लिए आयोजित लोकतंत्र के पर्व में युवा वोटरों में भी उत्साह दिखा।
मोदी सरकार ने नौ साल में बहाई विकास की गंगा: अनुप्रिया
कैबिनेट मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल ने पंडित गुप्त राम इंटर कालेज में बने बूथ पर मतदान किया। कहा कि भाजपा की एनडीए सरकार ही अपना परचम निकाय चुनाव में भी लहराएगा। उप चुनाव को लेकर कहा कि अपना दल (सोनेलाल) छानबे और रामपुर के स्वार में भी जीतेंगे। कर्नाटक के एग्जिट पोल को लेकर कहा कि आप लोग भी मजे लें। एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होते हैं। मोदी सरकार ने जो नौ सालों में विकास की गंगा बहाई है, जनता एनडीए को ही वोट देगी।
वृद्ध व दिव्यांगजनों ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
वृद्धजनों ने निकाय चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान किया और मतदान करने की बजाय घरों में बैठे लोगों को मतदान करने का संदेश दिया। नगर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल तरकापुर में मतदान केंद्र पर लगभग 90 वर्षीय वयोवृद्ध महिला रामरथी देवी ने मतदान किया। इस दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने उनसे वार्ता की और सराहा। आदर्श इंटर कालेज में 75 वर्षीय चंपा देवी, मुसफ्फरगंज में 111 वर्ष के वयोवृद्ध नारायण गुरु, केएम गोस्वामी, नीबी के दिव्यांग कृष्ण मुरारी ने मतदान किया।
97 मतदान केंद्रों के 332 बूथों पर हुआ चुनाव
जनपद में चारों निकायों के 97 मतदान केंद्र और 332 मतदान स्थल पर गुरुवार को मतदान हुआ। मतदान के लिए 1732 कर्मचारियों को लगाया गया। नगर पालिका परिषद मीरजापुर में 71 मतदान केंद्र व 246 स्थल, अहरौरा में 16 केंद्र व 45 स्थल, चुनार में सात केंद्र व 25 स्थल तथा नगर पंचायत कछवां में तीन केंद्र और 16 मतदान स्थल बनाया गया है।
वेब कास्टिंग से हुई पल-पल की निगरानी
अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग से निगरानी की गई। वेबकास्टिंग के माध्यम से बूथों पर निगरानी रखी जा रही थी। कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से पल-पल की निगरानी की जा रही थी। सूचनाओं को त्वरित गति से दिया जा रहा था।
मतदाता के पहुंचने से पहले ही पड़ गया मत
नगर पंचायत कछवा के केवटान वार्ड में मतदान करने पहुंचे अमित कुमार को निराशा हाथ लगी। इंतजार के बाद जब मतदान करने के लिए पहुंचा तो पीठासीन अधिकारी ने कहा कि आपका मत पड़ चुका है। आप तत्काल कक्ष से बाहर निकल जाए, इससे नाराज युवक ने जमकर हंगामा किया।


