पॉलीटेक्निक कॉलेज में विधानसभा छानबे उप चुनाव की होगी मतगणना
जीआईसी में नपा मीरजापुर व नगर पंचायत कछवां की होगी मतगणना
चुनार में होगी नगर पालिका परिषद चुनार व नपा अहरौरा की मतगणना
मीरजापुर : नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को समाप्त हो गया। मतदान के बाद नगर निकाय के साथ ही विधानसभा छानबे के उपचुनाव की मतगणना की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। आगामी 13 मई को विधानसभा छानबे उपचुनाव की मतगणना राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज परिसर में सुबह आठ बजे से होगी। इसके साथ उसी दिन नगर निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद मीरजापुर और नगर पंचायत कछवां की मतगणना राजकीय इंटर कालेज होगी। जबकि नगर पालिका परिषद चुनार और अहरौरा की मतगणना स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कालेज चुनार में सुबह आठ बजे से आरंभ होगी।
निकाय चुनाव की 160 टेबलों पर होगी मतगणना
नगर पालिका परिषद की मतगणना 160 टेबलों पर कराई जाएगी। इसमें से मीरजापुर में 114, कछवां में आठ, अहरौरा 14 और चुनार नगर पालिका की गणना 24 टेबलों पर कराई जाएगी। मतगणना के लिए एक टेबल पर पांच कर्मचारी लगाए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि इसमें प्रत्येक टेबल पर एक गणना सुपरवाइजर, तीन गणना सहायक, एक अतिरिक्त गणना सहायक रहेंगे। चारों निकायों की मतगणना के लिए लगभग 900 कर्मचारी लगाए गए हैं।
निकाय चुनाव के 563 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 13 मई को
नगर निकाय चुनाव में जनपद के 563 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 13 मई को होगा। चारों निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 37 व सदस्य पद के लिए 526 सहित 563 उम्मीदवार चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। नगर पालिका परिषद मीरजापुर में अध्यक्ष 11 और सदस्य के 247 प्रत्याशी, नगर पंचायत कछवां में अध्यक्ष के 12 व सदस्य के 72 उम्मीदवार, नगर पालिका परिषद अहरौरा में अध्यक्ष के 8 और सदस्य के 83 उम्मीदवार तथा चुनार में अध्यक्ष के 6 और सदस्य के 124 उम्मीदवार हैं।
छानबे विधानसभा उप चुनाव:
प्रेक्षक की निगरानी में 14 टेबल पर होगी मतगणना
छानबे विधानसभा उप चुनाव के लिए मतगणना 14 टेबल पर होगी। मतगणना में दो प्रेक्षक, दो आरओ और एआरओ की निगरानी में 19 टीम में 76 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रत्येक टीम में चार सदस्य रहेंगे। इसमें एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक, एक माइक्रो आब्जर्वर रहेंगे। मतगणना लगभग 28 से 31 चक्र में होने की संभावना है।
उप चुनाव में भाग्य आजमा रहे आठ उम्मीदवार
विधायक राहुल प्रकाश की पत्नी व अपना दल (एस) से रिंकी कोल, समाजवादी पार्टी से कीर्ति कोल, कांग्रेस पार्टी से अजय कुमार, राष्ट्रीय समाज पक्ष पार्टी से शिवपूजन और निर्दल उम्मीदवार अर्जुन, उमेश, भीमराव हरिजन, सर्वेश कुमार सहित आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
उप चुनाव में महज 44.15 प्रतिशत मतदान
विधानसभा छानबे में 444 बूथों पर महज 44.15 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव के दिन सुबह 9 बजे तक 10.14, सुबह 11 बजे तक 19.14, दोपहर 1 बजे तक 27.4, दोपहर तीन बजे तक 32.64 प्रतिशत तथा शाम पांच बजे तक 39.51 प्रतिशत सहित कुल 44.15 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 57.84 प्रतिशत मतदान हुआ था।


