बेगूसराय : रेलवे तथा स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार को सलौना स्टेशन के आसपास अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया । इस दौरान स्टेशन के दोनों तरफ सहित गोढ़ियारी एवं पासवान टोला में जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान का नेतृत्व बखरी सीओ-सह-मजिस्ट्रेट शिवेन्द्र कुमार कर रहे थे। अतिक्रमणमुक्ति अभियान शुरू होने से पहले दुकानदारों तथा लोगों ने रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से किये गये कब्जा से अपने अपने सामानों को हटा लिया था। अतिक्रमण अभियान के कारण पूरे दिन मुख्य बाजार में गहमा गहमी का माहौल बना रहा।
समाचार प्रेषण तक अतिक्रमण हटाने की करवाई की जा रही थी।रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर समस्तीपुर संजय कुमार ने बताया कि सलौना स्टेशन चौक, माल गोदाम, पूर्वी केबिन ढ़ाला, गोढ़ियारी, पासवान टोला तक सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण मुक्ति चलाया गया। रेलवे के जमीन पर अवैध रूप से ठेला-खोमचा वालों को भी हटाया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दिया कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण करने पर संरचना को तोड़ कर उसका खर्च संबंधित दुकानदार और गृहस्वामी से वसूला जाएगा।


