झुंझुनू : झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के सीथल गांव निवासी दो मासूम बच्चियों की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मौत के कारणों को लेकर अभी पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। प्रशासन के पास जहर खाकर मौत होने की प्रारंभिक सूचना पहुंची थी। वहीं अस्पताल में भर्ती मृतक बच्चियों के माता-पिता के अनुसार यह फूड प्वाइजनिंग का मामला है, लेकिन यह जांच का विषय है।
जानकारी के मुताबिक सीथल गांव के रहने वाले 37 वर्षीय बूंटीराम के परिवार ने रविवार सुबह घर में दाल बनाई थी। जिसे ना केवल बूंटीराम ने बल्कि पूरे परिवार ने खाई थी। परिवार में बूंटीराम की पत्नी 32 साल की अनिता के अलावा तीन बेटियां है। वो ही दाल रविवार को शाम को भी खाई, लेकिन सोमवार को उस दाल के कारण पूरा परिवार बीमार हो गया। मंगलवार सुबह हालत ज्यादा बिगड़ी तो बूंटीराम, उसकी पत्नी अनिता के अलावा दो बेटियां आठ साल की तनुजा व छह साल लक्ष्या को परिजन बीडीके अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों बेटियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं बूंटीराम और उसकी पत्नी को भर्ती कर लिया। जिनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। यहां पर बूंटीराम की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार द्वारा जहर खाने की सूचना पर एडीएम जेपी गौड़ भी बीडीके अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने पीएमओ डॉ. कमलेश झाझड़िया के साथ भर्ती बूंटीराम और अनिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी और घटना की भी जानकारी ली। एडीएम जेपी गौड़ ने बताया कि मौत के कारणों की जांच पुलिस करेगी। फिलहाल चिकित्सा विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा की टीम और चिकित्सकों की टीम सीथल गांव भेज दी है। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम भी गांव पहुंच गई है। जो पूरे मामले की जांच करेगी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि घटना जहरीला पदार्थ खाने से हुआ है या फिर फूड प्वाइजनिंग से। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं माता-पिता की गैर मौजूदगी में परिवार के सदस्यों ने बच्चियों का अंतिम संस्कार किया। बूंटीराम की तीसरी बेटी की तबियत ठीक बताई जा रही है।


