spot_img

Kishanganj : स्वास्थ्य केन्द्रों पर हुआ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन

किशनगंज : जिले में मातृत्व स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने व जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के सभी पीएचसी, सीएचसी, रेफरल एवं अनुमंडलीय व जिला अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जाँच प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान के अंतर्गत की गई। ताकि मातृ-शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके।

जिले में सभी को जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान को और भी सरल और सुविधाजनक बना रहा है। महिलाओं का वजन, बीपी, एचआईवी, ब्लड शुगर के साथ कोविड टीकाकरण भी किया गया है।

सिविल सर्जन डॉ कौशल किशोर ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत 500 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की मुफ्त प्रसव पूर्व जांच की गई। सदर अस्पताल उपाधीक्षक डा० उर्मिला कुमारी ने बताया कि सुरक्षित प्रसव व संस्थागत प्रसव को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 व 21 तारीख को विशेष शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जाँच की जाती है। जिसमें गर्भवती महिला अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता के सहयोग से अपने-अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में सुरक्षित और सामान्य प्रसव के लिए एएनसी जांच करवाने को आती हैं। जाँच के पश्चात चिकित्सकों द्वारा गर्भवती को आवश्यकतानुसार चिकित्सा परामर्श दिया जाता है।

Explore our articles