उत्तर प्रदेश में केवल यशोदा अस्पताल कौशांबी में उपलब्ध है लाभार्थियों को यह सुविधा
सुविधाएं बढ़ीं, जनपद में आयुष्मान भारत योजना से आबद्ध हुए 59 चिकित्सालय
गाजियाबाद : आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए जनपद में सुविधाएं बढ़ रही हैं। एक ओर जहां योजना से आबद्ध होने वाले चिकित्सालयों की संख्या बढ़ रही है वहीं सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल भी योजना से जुड़ रहे हैं। हाल में ही कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को भी योजना से जोड़ा गया है। पूरे उत्तर प्रदेश में आयुष्मान लाभार्थियों को गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा देने वाला यह पहला अस्पताल बन गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना से आबद्ध सरकारी और निजी चिकित्सालयों की संख्या 59 हो गई है। अधिक से अधिक चिकित्सालयों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि योजना के लाभार्थियों को अपने घर के नजदीक ही उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा- बड़े निजी चिकित्सालय भी योजना से जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्री नगर स्थित डेंटल पार्क, विजयनगर स्थित खत्री नर्सिंग होम, मेरठ रोड स्थित नवीन हॉस्पिटल और विजयनगर स्थित उत्तम हॉस्पिटल को हाल में ही योजना से आबद्ध किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत हर लाभार्थी परिवार को हर साल पांच लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार योजना से आबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है।
यशोदा अस्पताल के सीईओ डा. सुनील डागर ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए गुर्दा प्रत्यारोपण, डायलिसिस, यूरोलॉजी विभाग में गुर्दे की पथरी और प्रोस्टेट रिमूवल के अलावा बाईपास सर्जरी, वाल्व रिप्लेसमेंट, संवहनी (नसों की) सर्जरी, जन्मजात हृदय रोग से संबंधित सर्जरी, एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की सुविधा उपलब्ध है। डा. डागर ने बताया – आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में यशोदा अस्पताल पूरे उत्तर प्रदेश का एकमात्र अस्पताल बन गया है।


