झालावाड़ : पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय हवाई पट्टी की अव्यवस्थाओं को देख कर ख़ासी नाराज़ हो गई। उन्होंने कलेक्टर भारती दीक्षित से कहा कि ये क्या हाल बना रखा है इसका, कुछ करते क्यों नहीं?
पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को हेलिकॉप्टर के जरिए सांचौर से झालावाड़ आई थी। हेलिकॉप्टर से उतरते ही सीधी हवाई पट्टी के लाउंज में पहुंची जहां धूल जमी हुई थी। वीआईपी लाउंज भी बेहद गंदा था। उसका गेट ही टूट कर अलग रखा हुआ था। यात्रियों के लिए बनी सुविधाएं भी ख़राब थी। उनके दरवाज़े टूटे हुए थे। पेंट्री में भी धूल जमा थी। लाउंज के शीशे टूटे हुए थे। सभी एसी ख़राब थे। पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। यह सब देख कर राजे नाराज़ हुई।
कलेक्टर ने उन्हें बताया कि यह हवाई पट्टी सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हवाई पट्टी की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करें। गौरतलब है कि झालावाड़ की कोलाना हवाई पट्टी पर कई हवाई अड्डों से लंबा 3300 मीटर लम्बा रन वे बन रहा है। सिर्फ़ डामर की एक लेयर होना बाक़ी है। इसके बाद यहां बड़े विमान भी उतर सकेंगे। सार्वजनिक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसी भी बड़े से बड़े हवाई अड्डे के लिए 3300 मीटर का रन वे पर्याप्त है, जो यहां मौजूद है।


