
पश्चिम रेलवे ने फरवरी, 2023 तक टिकट जांच से 158.28 करोड़ रुपए जुर्माने के रूप में प्राप्त किए
फरवरी, 2023 तक मुंबई उपनगरीय खंड पर लगभग 40 करोड़ रुपये की वसूली की गई
मुंबई : वेस्टर्न रेलवे पर बिना टिकट/अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को रोकने के लिए लगातार गहन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। वेस्टर्न रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों के पर्यवेक्षण में बेहद अनुभवी टिकट जांच टीम द्वारा अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 की अवधि के दौरान कई टिकट जांच अभियान चलाए गए, जिससे 158.28 करोड़ रुपए की राशि जुर्माने के तौर पर प्राप्त की गई, जिसमें मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्त 39.99 करोड़ रुपए भी शामिल हैं।
वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार फरवरी, 2023 के दौरान बिना बुक किए सामान के मामलों सहित 1.87 लाख बिना टिकट/अनियमित टिकट यात्रियों का पता लगाकर 12.24 करोड़ रुपए की राशि दंडस्वरूप वसूल की गई। उल्लेखनीय है कि अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 की अवधि के दौरान कुल 23.70 लाख बिना टिकट/अनियमित टिकट यात्रियों और बिना बुक किए सामान के मामलों का पता चला, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 15.92 लाख मामलों का पता चला था, जो कि 48.86% अधिक है। इन यात्रियों से 158.28 करोड़ रुपए का जुर्माना लिया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 94.21 करोड़ रुपए की तुलना में 68.01% अधिक है। फरवरी, 2023 में वेस्टर्न रेलवे के मुंबई उपनगरीय खंड से 3.28 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए लगातार औचक टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के परिणामस्वरूप अप्रैल, 2022 से अब तक 42,600 से अधिक अनधिकृत यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है।


