
ठाणे : केंद्र की मोदी सरकार कुछ गिने चुने उद्योगपतियों पर मेहरबान हैं । ऐसे ही उद्योगपतियों में गिनती अडानी समूह की होती रही है। लेकिन अडानी समूह के कारगुजारियों का पर्दाफाश हिंडनबर्ग संस्था की रिपोर्ट के माध्यम से किया गया है। इस खुलासे से बहुत बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। इस बाबत राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस द्वारा जांच करवाने की मांग हो रही है। इसी क्रम में 6 फरवरी को पूरे देश में अडानी मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति के मार्फत या सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की देखरेख में करवाने की मांगों को लेकर धरना आंदोलन किया जा रहा है। इसी निमित्त 6 फरवरी को ठाणे शहर में शहर जिला कांग्रेस की ओर से धरना प्रदर्शन महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नसीम खान की अगुवाई में किया जाने वाला है।
ऐसी जानकारी देते हुए कांग्रेस के ठाणे शहर जिला प्रवक्ता सचिन शिंदे ने बताया कि नसीम खान की उपस्थिति में धरना आंदोलन ठाणे के एलआईसी कार्यालय के समीप हजूरी परिसर में किया जाने वाला है, जिसमें ठाणे कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का यह धरना आंदोलन दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा। शिंदे ने बताया कि यह धरना आंदोलन चर्चित राष्ट्रीय घोटाला के खिलाफ किया जा रहा है। ताकि मामले की सच्चाई आम लोगों तक आ सके। उन्होंने सवाल उठाया कि अडानी मामले को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार निष्पक्ष जांच नहीं करवा सकती है। इसी आशंका को देखते हुए केंद्रीय कांग्रेस नेतृत्व की मांग है कि इस मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति अथवा सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की देखरेख में करवाई जाए । उन्होंने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।


