spot_img

THANE : ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर को रिक्शाचालकों, फेरीवालों और भिखारियों से कराया जाएगा मुक्त

ठाणे : ठाणे रेलवे स्टेशन के पश्चिम की ओर रिक्शा चालकों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इतना ही नहीं ऑटो रिक्शा की व्यवस्थित आवाजाही का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर अवैध फेरीवालों का अतिक्रमण भी अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही परिसर में सक्रिय भिखारियों को भी भगाया जाएगा। इसको लेकर ठाणे मनपा प्रशासन और ठाणे पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस की संयुक्त बैठक हुई। जिसमें ठाणे मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर रेलवे स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसमें बाधक बनने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़क कार्रवाई करें। ऐसे निर्देश उन्होंने संबद्ध अधिकारियों को दिया है।

अभिजीत बांगर ने बताया है कि ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर रिक्शा चालकों की मनमानी बराबर विवादों का विषय बनता रहा है, जिसे गंभीरता से लिया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर के 150 मीटर के दायरे में फेरीवालों का प्रवेश वर्जित है। फेरीवालों के कारण ही रेलवे स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों, महिलाओं ,बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। इसके खिलाफ ठाणे मनपा प्रशासन, स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस मिलकर संयुक्त कार्रवाई करेगी।
इस बैठक में यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त विनय कुमार राठौर, परिमंडल एक के पुलिस उपायुक्त गणेश गावडे और ठाणे मनपा के उपायुक्त शंकर पाटोले शामिल थे। इस बैठक में रिक्शा चालकों की मनमानी को लेकर गहन चिंतन मनन हुआ। इस बात को लेकर विशेष चर्चा हुई की जैसे ही रेलवे स्टेशन से यात्री बाहर आते हैं, रिक्शा वाले उनका हाथ पकड़ कर अपनी रिक्शा में बैठाने का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही मनमाना किराया भी विवाद का विषय बनता है । ये रिक्शा चालक क्यू में रिक्शा नहीं लगा कर पैदल आने जाने वाले यात्रियों को बाधित करते हैं। इतना ही नहीं अवैध रिक्शा के कारण भी अनेक तरह की परेशानियां होती है। ऐसी चर्चा अधिकारियों के बीच में हुई और कहा कि ऐसे रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। रिक्शा चालकों की मनमानी को लेकर हुई बातचीत के दौरान पुलिस ने बताया कि गत वर्ष 500 से अधिक अनुशासनहीन रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, लेकिन दंडात्मक कार्रवाई के बाद भी उनकी हरकतों में किसी भी तरह का परिवर्तन नहीं आया है। समस्या पूर्व की तरह ही बनी हुई है। इतना ही नहीं ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में बिना परमिशन के ऑटो रिक्शा भी चल रहे हैं, जिसके खिलाफ कार्रवाई करने पर सहमति बनी। बैठक में ठाणे मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस को आश्वासन दिया कि कार्रवाई को लेकर ठाणे मनपा प्रशासन भी अपना अपेक्षित सहयोग देगा। बैठक के दौरान पुलिस का कहना था कि परिसर में जो एसी टैक्सी स्टैंड है, उसकी जगह पर दूसरा लेन यदि निजी वाहनों के लिए खोला जाए तो इससे काफी फायदा होगा । मनपा आयुक्त बांगर ने कहा कि इसको लेकर संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत भी की जाएगी। बैठक में बातचीत के दौरान ठाणे मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा कि ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में रिक्शा चालकों की दादागिरी गंभीर समस्या है। इसे देखते हुए वे यहां सीसीटीवी कैमरा की सुविधा उपलब्ध करवाएंगे। ताकि होने वाली भीड़ भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही सीसीटीवी यंत्रणा उपलब्ध कराने के बाद उसके नियंत्रण की जिम्मेदारी नौपाड़ा पुलिस को सौंपी जाएगी। इस तरह कुल मिलाकर ठाणे मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर को समस्यामुक्त कराने के प्रयास में लगे हैं । ताकि आम नागरिकों को होने वाली रोज की प्रताड़ना से मुक्ति मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles