आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) माघ मेले के चौथे प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी पर 41 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। वसंत पंचमी का स्नान सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला व पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के सभी बंदोबस्त किए गए थे। शहरी क्षेत्र में भारीवाहनों की नो इंट्री के साथ-साथ स्नान घाटों पर सुरक्षा के सभीप्रबंध किए गए थे। 26 जनवरी को भोर में ही शुरू हुआ स्नान शाम छह बजे तक अनवरत चलता रहा। इस दौरान रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। जबकि दिन में मौसम खुल गया, लेकिन हवाओं में ठंड बरकरार रही। घाट पर स्नान-ध्यान के उपरांत श्रद्धालुओं ने बांध पर स्थित लेटे हनुमानजी के दरबार में भी हाजिरी लगाई।
माघ मेला क्षेत्र में 16 घाट स्थाई रूप से बनाए गए थे, जबकि मौनी पर्व पर दो घाट और बना दिए गए थे। वसंत के मौके पर उक्त सभी घाटों के अलावा संगम तट पर 41.5 लाख श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में डुबकी लगाई और आशीष मांगा। सभी वरिष्ठ अधिकारी देर रात से ही मेला क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।

एडीजी जोन भानु भास्कर, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मेला अधिकारी अरविंद कुमार चौहान, अपर मेला अधिकारी दयानंद प्रसाद एवं विवेक चतुर्वेदी के साथ पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा, आईजी चंद्र प्रकाश, पुलिस अपर आयुक्त आकाश कुलहरि, एसएसपी मेला राजीव नारायण मिश्र, एसपी मेला आदित्य शुक्ल निरंतर भ्रमणशील रहे।
दूसरी तरफ माघ मेले के अगले स्नान की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। शनिवार को माघ मेला क्षेत्र में अचला सप्तमी के मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। माघ मेला प्रशासन की तरफ से सभी स्नान घाटों पर पूर्ववत इंतजामात करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलाधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसके लिए तैयारी की जा रही है।


