spot_img

PRAYAGRAJ : शीतलहर का सितम जारी, दोपहर बाद साफ हुआ आसमान

आलोक गुप्ता
प्रयागराज : नये साल के पहले ही दिन से ठंडी हवाओं का सितम जारी है। सोमवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई-कई इलाकों में कोहरा रविवार रात को दस बजे के बाद से ही पड़ना शुरू हो गया था और मध्य रात्रि तक पूरा वातावरण कोहरे की चादर में लिपट गया। इधर, सोमवार को भी सुबह पूरी तरह से कोहरे की चादर में लिपटी रही। सूर्यदेव के दर्शन दोपहर बाद हुए। हालांकि सूर्य़देव के दिखने का वातावरण के तापमान पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा। वातावरण में नमी बरकरार है। इस वजह से लोगों की दिनचर्या भी खासी प्रभावित हुई है।
रविवार को जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, वहीं सोमवार को यह लगभग छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमाम में मामूली उछाल से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन ठंडी हवाएं घर से बाहर कदम नहीं निकालने केलिए मजबूर कर रही हैं। सोमवार को घने कोहरे की वजह से दृश्यता 20-25 मीटर तक ही रही। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से अभी नीचे बना हुआ है। इस वजह से अभी ठंडक बनी रहेगी।
मौसम के जानकार प्रो. शैलेंद्र राय के मुताबिक जिस तरह का मौसम आज था, यही स्थिति कल यानी मंगलवार को भी देखने को मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञ प्रो. शैलेंद्र राय ने बताया कि बुधवार से मौसम में तब्दीली आना शुरू होगी और खिचड़ी (14-15 जनवरी) के बाद मौसम सामान्य होता जाएगा। हालांकि इस दौरान बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखता रहेगा।
फिलहाल इस ठंड व कोहरे का असर स़ड़क, रेल और वायु मार्ग पर देखने को मिल रहा है। सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा काफी कम वाहन चल रहे हैं। जबकि कई रेलगाड़ियों अपने निर्धारित समय से घंटों विलंबित चल रही हैं। बाजारों में भी सांझ ढलते ही सन्नाटा पसर जा रहा है। लोगों का ज्यादातर समय अलाव के सामने ही व्यतीत हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles