सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) वर्षों से चली आ रही ‘बड़ा खाना’ की परंपरा के आगे बढ़ाते हुए कप्तान डा. अनिल कुमार ने न सिर्फ मातहतों के लिए थाली परोसी, बल्कि उनका दुख-दर्द भी साझा किया। जनपद के सभी मातहत अफसरों और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए एसपी ने स्टेज पर चढ़कर गीत भी गुनगुनाया। भदोही पुलिस के इस बड़ा खाना में प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया।
पुलिस विभाग में ‘बड़ा खाना’ की परंपरा जूनियर और सीनियर की खाई को पाटने का कार्य करने के साथ-साथ आपस में प्रेम, भाईचारे की भावना को बलवती करती है। इस दौरान जिले के बड़े अधिकारी न सिर्फ अपने अधीनस्थों के साथ बैठकर खाना खाते हैं, बल्कि उन्हें खाना परोसते भी हैं। इसी क्रम में भदोही पुलिस द्वारा वर्ष-2022 के सकुशल संपन्न होने पर पुलिस लाइन में बड़ा खाना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया।

पुलिस कर्मियों के लिए पुलिस लाइन में आयोजित परंपरागत ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके पश्चात एसपी डा. अनिल कुमार, एएसपी राजेश भारती समेत सभी अफसरों ने भोजन परोसकर ‘बड़े खाने’ की पुलिस परंपरा का निर्वहन किया। पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए आयोजित उक्त कार्यक्रम से आनंदित होकर कर्मियों ने उच्चाधिकारियों के अपने अधीनस्थों के प्रति समानता के भाव से प्रसन्न होकर आभार व्यक्त किया।
उक्त कार्यक्रम में एएसपी राजेश भारती के साथ एसडीएम ज्ञानपुर अश्वनी पांडेय, एसडीएम भदोही डा. कृपाशंकर पांडेय, सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय, उमेश्वर प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी औराई एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


