
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार ने की छापेमारी, अनियमितता उजागर
खाद ले जाने वाले किसानों के घर जाकर किया गया सत्यापन, रजिस्टर में फर्जीवाड़ा
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : डीएपी और उवर्रक की कमी और कालाबाजारी की शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने सभी मातहत अफसरों को इसकी जांच और त्वरित कार्यवाही का आदेश दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को सहकारी समितियों की जांच की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश के क्रम में जनपद के सहकारी समितियों पर यूरिया व डीएपी खाद वितरण रजिस्टर की जांच करते हुए तहसीलदार द्वारा ताबडतोड़ छापेमारी की गई।
आदेश के अनुपालन में मतेथू कनकपुर सहकारी समिति के द्वारा उपलब्ध कराए गए यूरिया व डीएपी खाद वितरण रजिस्टर के आधार पर ग्राम जोधापुर, असईपुर, मऊरामशाला के खाद प्राप्त किसानों के घर जाकर भौतिक निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार किसान सेवा सहकारी समिति जंगीगंज का निरीक्षण किया गया।
तहसील ज्ञानपुर के ग्राम जोधापुर निवासी शकील पुत्र जादूगर के नाम सहकारी समिति के वितरण रजिस्टर में 24 अक्टूबर को आठ बोरी यूरिया एवं संतोष कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी जोधापुर को सात बोरी डीएपी खाद ले जाना अंकित है। जबकि मौके पर जांच के समय उपर्युक्त दोनों द्वारा बयान दिया गया कि मेरे द्वारा किसी भी प्रकार की खाद सहकारी समिति से प्राप्त नहीं की गई है।
इसी क्रम में जोधापुर निवासी सुरेश कुमार पुत्र जयराम द्वारा चार बोरी एवं सिद्धनाथ निवासी-मऊरामशाला द्वारा 8 अक्टूबर को 7 बोरी डीएपी खाद सहकारी समिति से प्राप्त की गई है, जो सहकारी समिति के रजिस्टर में भी अंकित है, जो मिलान करने पर सही पाया गया है। इसी क्रम में रजिस्टर पर श्यामधर मौर्य पुत्र रामखेलावन ग्राम असईपुर द्वारा 8 बोरी डीएपी का अंकन है जबकि मौके पर सत्यापन में उन्होंने बयान दिया कि तीन बोरी यूरिया खाद ही उनके द्वारा प्राप्त की गई है।
किसान सेवा सहकारी समिति जंगीगंज का निरीक्षण किया गया। क्रय केंद्र प्रभारी मौके पर उपस्थित हुए और उनसे खाद वितरण रजिस्टर व स्टॉक रजिस्टर की मांग की गई। प्रभारी द्वारा खाद वितरण रजिस्टर उपलब्ध कराने में असमर्थता व्यक्त की गई क्योंकि प्रभारी द्वारा बताया गया कि मेरे द्वारा वितरण रजिस्टर नहीं बनाया गया है। प्रभारी द्वारा प्रस्तुत स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन करने में डीएपी का अंकन 31 मार्च 2022 तक का मात्र अंकित है, जिसमें 14 बोरी अवशेष दिखाया गया। जबकि मौके पर गोदाम में 266 बोरी उपलब्ध थी। इससे प्रथम दृष्टया किसान सेवा सहकारी समिति जंगीगंज पर घोर अनियमितता प्रतीत होती है, जिसकी गहन जांच की कार्रवाई की जा रही है।
स्थलीय जांच में सहकारी समितियों द्वारा यूरिया व डीएपी खाद वितरण रजिस्टर में अंकित एवं किसान द्वारा प्राप्ति में अंतर, लापरवाही व अनियमितता दृष्टिगत होने पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।


