
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : कंपोजिट विद्यालय चकसुंदर ज्ञानपुर में सोमवार को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से लर्निंग कैंप का आयोजन किया गया है। कैंप का शुभारंभ बीईओ यशवंत सिंह ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिला मीडिया प्रभारी व ज्ञानपुर अध्यक्ष प्रतीक मालवीय, कंपोजिट विद्यालय चकसुंदरपुर के प्रधानाध्यापक अजीत राय, प्रथम संस्था के मंडल समन्वयक नागेंद्र निषाद, डीसी अजय कुमार ने बताया कि स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लर्निंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत कक्षा एक से पांच तक सभी बच्चे लर्निंग कैंप में शामिल किए जाएंगे।
विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का यह लर्निंग कैंप 40 दिन का होगा। कैंप के दौरान बच्चों के साथ तरह-तरह के लर्निंग मैटेरियल का प्रदर्शन करते हुए बच्चों में सीखने की क्षमता का विकास किया जाएगा, साथ ही साथ लर्निंग आधारित गतिविधियों को कराते हुए रोचक व रचनात्मकता को निखारने का भरसक प्रयास होगा। प्रथम संस्था से अल्पना व दिनेश कुमार के द्वारा बच्चों के साथ शिक्षण कार्य किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह ने निर्देश दिया कि सभी मिलकर विद्यालय के समस्त बच्चों को निपुण लक्ष्य प्राप्त करने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इसकी निर्धारित डेट दिसंबर के अंतिम सप्ताह मानकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करें। विद्यालय के समस्त बच्चों को लक्ष्य प्राप्त करने में सभी के द्वारा संकल्प लिया गया। जिसका मूल्यांकन जनपद स्तर से नामित नोडल सदस्य द्वारा किया जाएगा।
राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के ब्लाक अध्यक्ष प्रतीक मालवीय ने कहा विद्यालय से हर तरह का सहयोग दिया जाएगा। कैंप में बच्चों को स्तर अनुसार शिक्षण कार्य दिया जाएगा, जिससे बच्चों में सीखने की गति तेज होगी और बच्चे जल्द से जल्द अपने कक्षा के पाठ को पढ़ना सीख जाएंगे।
इसके अलावा प्रथम संस्था के सदस्यों द्वारा स्कूल के बाहर गांव में भ्रमण कर उन बच्चों की तलाश की जाएगी, जो स्कूल में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। उन बच्चों के अभिभावकों के साथ मीटिंग करके उनके साथ बच्चों का कक्षा 1, 2, 3, 4, 5 के साथ 6 से 8 के बच्चों का चिल्ड्रेन क्लब (ग्रुप) बनाकर शिक्षण कार्य किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक स्कूल में 40-40 दिन का होगा। इस मौके पर प्रथम संस्था से धर्मेंद्र कुमार, नागेश कुमार आदि मौजूद रहे।


