
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) फूलपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद केशरी देवी पटेल से फोन करके रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने सांसद के साथ अभद्रतापूर्वक बातचीत की और रुपया नहीं मिलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। सांसद की शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस ने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। बताते चलें कि एक माह पहले भी सांसद केशरी देवी पटेल को चिट्ठी भेजकर 50 लाख रुपये की डिमांड की गई थी।
सांसद केशरी देवी को फोन करके जानलेवा धमकी देने और रंगदारी मांगने का यह प्रकरण एक नवंबर का है। एक नवंबर को अज्ञात शख्स ने सांसद को फोन कर रंगदारी मांगी थी। इस घटनाक्रम के बाद सांसद ने एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी और कर्नलगंज थाने में तहरीर दी गई। कर्नलगंज पुलिस ने केस दर्ज कर मामले कीपड़ताल शुरू कर दी है।
शहर की नामचीन हस्तियों में शामिल सांसद केशरी देवी पटेल से रंगदारी मांगने को लेकर पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को ट्रेसआउट करने मेंलगी है। सर्विलांस सेल के जरिए फोन करने वाले की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। बताते चलें कि एक महीना पहले भी सांसद केशरी देवी पटेल को डाक से एक चिट्ठी प्राप्त हुई थी, जिसमें 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए धमकी दी गई थी। हालांकि उक्त मामले को सांसद केशरी देवी पटेल व अन्य ने गंभीरता से नहीं लिया था।


