
मुंबई : वेस्टर्न रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और संरक्षा के लिए मुंबई उपनगरीय खंड के दादर स्टेशन पर 26 सितंबर 2022 को एक नया पैदल ऊपरी पुल (एफओबी) चालू किया गया है। वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार दादर स्टेशन के दक्षिण छोर पर स्थित नया पैदल ऊपरी पुल लगभग 58 मीटर लम्बा और 8 मीटर चौड़ा है। लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह पैदल ऊपरी पुल प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 3 और 5 से जुड़ा हुआ है। मुंबई उपनगरीय खंड के सबसे व्यस्त उपनगरीय स्टेशनों में से एक दादर स्टेशन पर स्थित यह एफओबी रेल यात्रियों को प्लेटफॉर्मों को आसानी से बदलने की सुविधा प्रदान करेगा। दादर स्टेशन पर 8 एफओबी हैं और यहां प्रतिदिन लगभग एक लाख से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है।
ठाकुर ने बताया कि यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और पैदल ऊपरी पुलों, सड़क ऊपरी पुलों आदि का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। नए पैदल ऊपरी पुलों के निर्माण से न केवल यात्रियों को उनके प्रवेश और निकासी में आसानी होती है, बल्कि संरक्षा भी वृद्धि होती है। इस तरह के प्रयास ट्रेसपासिंग के खतरे को नियंत्रित करने के साथ-साथ पुलों आदि पर भीड़भाड़ की समस्याओं से निपटने में भी सहायक होते हैं।


