spot_img

MUMBAI : राजनीति की भेंट चढ़ी 10 एसी लोकल

मुंबई : भारी राजनीतिक दबाव के चलते सेंट्रल रेलवे की ओर से 19 अगस्त से चलाई जा रही 10 अतिरिक्त एसी लोकल ट्रेनों को अस्थाई तौर पर बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके चलते अब 56 एसी लोकल ही यात्रियों को सेवाएं देंगी।

इस बारे में सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि 19 अगस्त से 10 एसी लोकल सेवाओं को शुरू किया गया था। यात्रियों के विभिन्न प्रतिनिधियों के निवेदन को देखते हुए 25 अगस्त 2022 से इन 10 सेवाओं को अस्थाई तौर पर बंद किया जा रहा है।
ये 10 एसी लोकल मौजूदा शेड्यूल 19 अगस्त 2022 के अनुसार नाॅन एसी सेवा के रूप में चलेंगी। समीक्षा के बाद एसी सेवा की शुरुआत करने की तारीख के बारे में सूचित किया जाएगा।

बता दें कि सेंट्रल रेलवे पर 56 एसी लोकल सेवाए चल रही थीं। उसके बाद 19 अगस्त को 10 और एसी सेवाओं को बढ़ा दिया गया, जिसके बाद कुल 66 एसी लोकल चलाई जा रही थी। अब अचानक इन सेवाओं को बंद करने के निर्णय को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एसी लोकल से सफर करने वाले लोगों का कहना है कि यह सब राजनीतिक दबाव के चलते हुआ है।

मुझे लगता है यह रेल यात्रियों के लिए बेहद दुःखी करने वाला निर्णय है। एसी लोकल से यात्रियों को बहुत सारा लाभ मिलता। पूर्व मंत्री जीतेंद्र आव्हाड के जोरदार विरोध के चलते यह निर्णय लिया गया है. जीतेंद्र जी को आम यात्रियों की कोई चिंता नहीं है, अगर होती तो वे इस तरह के कार्य में सहभागी नहीं होते।

सुभाष गुप्ता
अध्यक्ष रेल यात्री परिषद

Explore our articles