spot_img

Varanasi: वाराणसी में गंगाघाट पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने स्वच्छता अभियान चलाया, श्रमदान

जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों और नगर निगम के कर्मचारियों ने उत्साह से की भागीदारी

वाराणसी:(Varanasi) मां गंगा के प्राचीन शीतलाघाट, दशाश्वमेधमाघ पर गुरुवार को स्वच्छता अभियान जिलाधिकारी एस.राज लिंगम और पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन के नेतृत्व में चलाया गया। घाट पर अलसुबह जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, डीसीपी काशी जोन, एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय सहित अन्य अफसरों के साथ पुलिस कर्मियों और नगर निगम के कर्मचारियों ने पूरे उत्साह से स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।

जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने भी देर तक घाट पर स्वच्छता अभियान में झाड़ू लगाने के साथ फूलों के कचरे को कूड़ेदान तक पहुंचा कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अफसरों ने कहा कि घाट को स्वच्छ रखें, तभी काशी भव्य और सुंदर होगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों पर स्वच्छता अभियान अनवरत चलेगा। स्वच्छता के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष जोर रहता है।

उन्होंने बताया कि मिशन लाइफ के तहत आमजनमानस के जीवन में कैसे बदलाव लाया जा सकता है। इसी क्रम में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम समय-समय पर होता रहेगा। इसके माध्यम से जनता के बीच जागरुकता आएगी कि अपने घाट को स्वच्छ रखें और काशी को स्वच्छ रखें। पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन ने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ ही साइकिल रैली का आयोजन भी किया जाएगा।

गौरतलब हो कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रदेश की योगी सरकार विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के समापन अवसर पर एक लाख से अधिक जनजागरूकता के कार्यक्रम करेगी। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी विभागों को जागरूकता कार्यक्रम कराने का लक्ष्य सौंप दिया है। इसी क्रम में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा वाराणसी में जी-20 देशों के विकास मंत्रियों की बैठक भी जून माह के दूसरे सप्ताह में होनी है। इसे देखते हुए शहर में स्वच्छता अभियान पर जोर दिया जा रहा है।

Explore our articles