उदयपुर : सलूंबर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के चंगुल से चोर को छुड़ाने गई पुलिस पर मंगलवार को सैंकड़ों ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की, जिसमें एक एएसआई, दो हैड कांस्टेबल सहित एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। सबसे ज्यादा चोटें एएसआई जीवतराम और कांस्टेबल सज्जन सिंह को लगी, जबकि कांस्टेबल जगदीश के मुंह व पसली में गहरी चोट लगी है, घायलों को इलाज के लिए सेमारी हॉस्पिटल ले जाया गया।
दरअसल, इंटाली गांव में मंगलवार अलसुबह जब 5 बदमाश बकरियां चुराने आए, तब गामीणों की चोरों पर नजर पड़ गई, उन्होंने एक बदमाश कमलेश मीणा को भागते हुए पकड़ लिया, जबकि 4 फरार हो गए। पकड़े गए युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की, फिर उसे पंचायत के कमरे में बंद कर दिया।
ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक से फोन करवाकर उसके बाकी साथियों को भी यहां बुलाना चाहा, इसी बीच पहले रठौड़ा चौकी और फिर टोकर चौकी से पुलिस बल चोर को पकड़ने पहुंचा, लेकिन बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण पुलिस को सौंपने पर राजी नहीं हुए और अपने स्तर पर पंचायत बुलाकर फैसला करने पर अड़ गए। इसके थोड़ी देर बार सेमारी थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर पहुंचा। पंचायत के कमरे में बंद चोर को जैसे ही पुलिस बाहर लेकर निकली, ग्रामीणों ने चारों तरफ से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। बड़ी मुश्किलों से पुलिस वहां से जान बचाकर भागी। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, साथ ही पुलिस के वाहन के कांच भी टूट गए। एएसआई जीवतराम मीणा, एएसआई बच्चूलाल, हैड कांस्टेबल जुलेदार खां, कांस्टेबल नानालाल, कांस्टेबल सज्जन सिंह, जितेंद्र सिंह, गणेश दास, जगदीश, राजेन्द्र कुमार, पुष्पेंद्र सिंह और अशोक कुमार मीणा को चोटें लगी।
घटना के बाद मौके पर जावर माइंस, परसाद, सराड़ा और झल्लारा थाना पुलिस के जाप्ते के साथ पुलिस लाइन का जाप्ता भी मौजूद है। पुलिस के आला अधिकारी थाना परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित सलूंबर विधायक अमृतलाल मीना को साथ लेकर ग्रामीणों से वार्ता कर रहे हैं।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर अलग-अलग टीम को भेजकर 25 लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में आए दिन बकरियों और घरों में सामान की चोरी से ग्रामीण परेशान हैं। पहले ही बकरियां चुराने की घटनाएं हो चुकी हैं, पकड़े गए आरोपित चोर ने पूछताछ में बताया था कि चोरी करके बकरियां सलूम्बर में किसी व्यापारी को बेच देते हैं, ऐसे में पुलिस अब इस चोर गिरोह में शामिल लोगों को पकड़ने में जुट गई है।


