spot_img

THANE : बाबा रामदेव पर दर्ज हो आपराधिक मामला

कांग्रेस की महिला आयोग से मांग

ठाणे : ठाणे शहर में आयोजित एक योग शिविर के दौरान योगगुरु बाबा रामदेव ने महिलाओं को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के खिलाफ महिलाओं का आंदोलन भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में कांग्रेस ने भी राज्य महिला आयोग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए। ऐसी मांग करते हुए ठाणे शहर कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन शिंदे ने कहा कि यदि एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड की गिरफ्तारी हो सकती है तो बाबा रामदेव के खिलाफ मामला क्यों नहीं दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर महिलाओं का अपमान किया है।
विदित हो कि ठाणे के हायलैंड में योग शिविर का आयोजन किए जाने के साथ ही महिला सम्मेलन भी आयोजित किया गया था। इसी दौरान योगगुरु बाबा रामदेव ने महिलाओं के संदर्भ में जो टिप्पणी की वह सुनने लायक भी नहीं है। इतनी अभद्र टिप्पणी महिलाओं के खिलाफ होने के बाद भी अब तक बाबा रामदेव के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाना कई तरह के संदेहों को जन्म दे रहा है। इन बातों का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सचिन शिंदे ने मांग की है कि जल्द से जल्द बाबा रामदेव के खिलाफ मामले दर्ज हो। यदि ऐसा नहीं होता है तो इसका सीधा तात्पर्य है कि इसमें खुला राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है।


सत्ताशक्ति का भी किया जा रहा है दुरुपयोग
सत्ताशक्ति का दुरुपयोग भी किया जा रहा है। जिस कारण पुलिस किसी भी तरह का कदम उठाने को तैयार नहीं हो पा रही है। इससे अधिक चिंता का विषय और क्या हो सकता है।कांग्रेस का आरोप है कि जिस समय महिलाओं को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव अभद्र टिप्पणी कर रहे थे, तो उस दौरान राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की धर्मपत्नी भी उपस्थित थीं।बाबा रामदेव का उक्त बयान अशोभनीय था। इन बातों का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि कुछ रोज पहले एनसीपी के विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ 72 घंटे में 2 मामले दर्ज हुए। उन्हें गिरफ्तार भी किया गया,लेकिन बाबा रामदेव के मामले में किसी भी तरह की पहल उनके खिलाफ नहीं किया जाना सरकारी संरक्षण का होना कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव का वीडियो खुलेआम वायरल हो रहा है और इस मामले में किसी भी तरह के साक्ष्य जुटाने की आवश्यकता नहीं है। वायरल वीडियो ही बता रहा है कि बाबा रामदेव ने किस तरह की गलती की है। लेकिन प्रशासनिक और सरकारी तंत्र इस मामले की अनदेखी कर रहा है।

Explore our articles