spot_img

Surat: दिवाली के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए सूरत एसटी निगम 2200 से अधिक अतिरिक्त बसें चलायेगा

सूरत से सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, महाराष्ट्र के लिए विभिन्न स्थानों से चलेगी बसें

सूरत:(Surat) राज्य परिवहन निगम इस बार दिवाली के पर्व पर यात्रियों की भीड़भाड़ को देखते हुए 2200 से अधिक अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। यह जानकारी गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि त्योहार को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने लोगों के लिए सुचारू रोड कनेक्टिविटी और लोक परिवहन की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया है।

गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लोक परिवहन के तहत राज्य परिवहन निगम की बसों को पहुंचाने का सरकार का प्रयास है। इसके लिए समय-समय पर नई बसों का आवंटन किया गया है। एसटी निगम के कर्मचारियों की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के साथ कई चरणों में बैठक कर सकारात्मक हल निकालने का प्रयास किया गया है। राज्य में एसटी निगम की ओर से रोजाना 8 हजार से अधिक बसों से 33 लाख किलोमीटर दूरी का संचालन किया जाता है। इसमें 25 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाता है। राज्य की लोक परिवहन लोगों को सुरक्षित और समयबद्ध सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने कहा कि दिवाली के दिनों में सूरत शहर से सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात समेत अन्य जिलों में हजारों लोग त्योहार मनाने अपने गांव जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सर्वाधिक अतिरिक्त बसों का संचालन सूरत विभाग की ओर से 7 नवंबर से 11 नंवबर के दौरान किया जाएगा। इसमें सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, पंचमहाल, महाराष्ट्र समेत विभिन्न स्थलों पर 2200 से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। इस साल एसटी निगम ने चुनौती स्वीकार करते हुए 2 नवंबर से 10 नवंबर के दौरान रोजाना 15 नई बसों को बढ़ाते हुए 101 नई एसटी बसों को जनता के लिए लोकार्पित करने का निर्णय किया है। निगम की त्योहार के दौरान चलाई जाने वाली अतिरिक्त बसों का किराया सूरत से अमरेली 400 रुपये, सावरकुंडला 425 रुपये, भावनगर 350 रुपये, महुवा 405 रुपये, राजकोट 385 रुपये, जूनागढ़ 435 रुपये, जामनगर 445 रुपये, अहमदाबाद 280 रुपये, दाहोद 305 रुपये और छोटा उदेपुर 275 रुपये हैं। निगम ने पूछताछ के लिए 1800233666666 टोलफ्री नंबर भी जारी किया है। साथ ही अपने वेबसाइट पर एडवांस और करंट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

Explore our articles