spot_img
Home Latehar Shimla: रोहड़ू में ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराई एचआरटीसी बस,...

Shimla: रोहड़ू में ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराई एचआरटीसी बस, कई यात्री घायल

0
280

शिमला:(Shimla) जिले के रोहड़ू उपमंडल में ब्रेक फेल होने के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस पहाड़ी से टकरा गई। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। कई यात्री घायल हुए हैं। हादसा शुक्रवार को चिड़गांव पुलिस थाना अंतर्गत बर्शील कैंची में हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एचआरटीसी बस सुबह 7 बजे तांगणु से चिड़गांव जा रही थी कि बर्शील कैंची के पास बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सुझबुझ दिखाते हुए बस को तीखे मोड़ से पहले पहाड़ी के साथ टकराकर रोक दिया। पहाड़ी से टकराने के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं और घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया।

रोहड़ू के डीएसपी रविंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बस की ब्रेक फेल होने से हुआ है और इस बारे कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उधर, एचआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि बस के ब्रेक फेल होने बारे तकनीकी टीम से जांच करवाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि एचआरटीसी के बेड़े में दो हजार से अधिक बसें हैं। इस पहाड़ी प्रदेश में परिवहन का मुख्य जिम्मा एचआरटीसी पर है। बीते मई माह में चंबा जिले में भी एचआरटीसी की एक बस के ब्रेक फेल होने से 50 यात्री बाल-बाल बच गए थे। गुरुवार को भी मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस सड़क से तीन सौ फीट नीचे लुढ़क गई थी। इस हादसे में 45 यात्री घायल हुए थे।