राधा मंदिर पर आयोजित भजन-कीर्तन में जुटे श्रद्धालु
श्योपुर : हर वर्ष की तरह इस बार भी राधा अष्टमी पर शनिवार को शहर में चल समारोह निकाला गया। श्री हजारेश्वर मंदिर मेला मैदान से शुरू हुआ चल समारोह मुख्य बाजार से होकर निकला गया। इस दौरान चल समारोह का बाजारों में जगह-जगह स्वागत किया गया। चल समारोह में शामिल श्रद्घालु जगह-जगह भजन गाते व नाचते झूमते चल रहे थे।
राधा अष्टमी के अवसर पर घर-घर में राधा जी की पूजा कर जन्मोत्सव मनाया गया। इसी क्रम में गांधी नगर स्थित राधा मंदिर पर भजन-कीर्तन आयोजित किए गए। राधा अष्टमी आयोजक मंडल ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर में चल समारोह निकाला। मेला मैदान से शुरू हुआ चल समारोह शिवपुरी रोड, पुराना बस स्टैण्ड पर पहुंचा। यहां भजन-कीर्तन आयोजित किए गए। जयस्तंभ पर भी आयोजकों ने भजन-कीर्तन का आयोजन किया। भजन-कीर्तन में महिला-पुरुषों ने मंत्रमुग्ध होकर नृत्य किया। इस अवसर पर लड्डू व फलों का प्रसाद बांटा गया। रात आठ बजे तक चल समारोह शहर के मुख्य बाजारों से होता हुआ निकला।
चल समारोह में झांकिया भी निकाली गईं। श्री राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी के दर्शनों करने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। चल समारोह के बाद सब्जी मंडी स्थित स्वर्णकार धर्मशाला पर भंडारा आयोजित किया गया। इसके अलावा शहर के किला स्थित राधावल्लभ मंदिर पर भी राधा जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पुजारी बलराम वैष्णव ने बताया कि दिन में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शाम को भंडारा आयोजित किया गया।


