spot_img

Salt Lake : महिला कर्मचारी की मौत मामले में स्पा मालिक को 14 दिनों की पुलिस हिरासत

साल्टलेक : एक महिला स्पा कर्मी की अस्वाभाविक मौत के मामले में गिरफ्तार मालिक रजत हलदर को अदालत ने 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। घटना साल्टलेक के एडी ब्लॉक की है। गुरुवार दोपहर स्पा से महिला का झूलता हुआ शव बरामद किया गया था। उस घटना में महिला के पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्पा के मालिक रजत हलदर को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को उसे विधाननगर महकमा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्पा के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उस वक्त स्पा में कौन आया, कौन बाहर गया एवं घटना के वक्त कौन मौजूद था? जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या स्पा के अंदर कोई असामान्य घटना हुई थी। स्पा के अन्य कर्मचारियों और उसके ग्राहकों से भी पूछताछ की जा सकती है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतका माधवी मंडल में कोई असामान्यता देखी गयी थी या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर की रहने वाली माधवी मंडल एफडी ब्लॉक में उस आयुर्वेदिक स्पा में काम करती थी। वह अन्य दिनों की तरह गुरुवार सुबह काम पर जुट गयी लेकिन, दोपहर में महिला के पति मुरारी मंडल को स्पा मालिक रजत हलदर का फोन आया। उन्होंने कहा कि माधवी मंडल बीमार पड़ गई हैं, उन्हें विधाननगर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुरारी अस्पताल पहुंचे। उसे पता चला कि उसकी पत्नी की मौत हो गयी है। मुरारी मंडल ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के शव की हालत भी बहुत खराब थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बताया कि स्पा के अंदर से माधवी मंडल का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है। मुरारी मंडल का आरोप है कि उनकी पत्नी की हत्या की गयी है। इसके पीछे स्पा का मालिक शामिल है।

मृतका के पति का आरोप है कि रजत हलदर उसकी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। महिला ने इस मानसिक प्रताड़ना की शिकायत घर पर भी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Explore our articles