Home crime news Ranchi : साइबर फ्रॉड के पैसे से ऑनलाइन सामान मंगा कर बेचने...

Ranchi : साइबर फ्रॉड के पैसे से ऑनलाइन सामान मंगा कर बेचने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

0
200

रांची : साइबर फ्रॉड के पैसे से एलइडी टीवी, आईफोन और मोबाइल ऑनलाइन मंगा कर विभिन्न दुकानों में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को लोअर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में देवघर के पालजोरी थाना क्षेत्र निवासी बशीर अंसारी (25), शमीम अंसारी (24) शामिल है। इनके पास से तीन एलइडी टीवी, दो विवो कंपनी का और एक आईफोन-14, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा डेबिट कार्ड तथा नगद सात हजार रुपये बरामद किया है। इस संबंध में स्मार्ट फोन दुकान के संचालक मो. अमन ने लोअर बाजार में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस गिरोह का सरगना इमरान शेख कोलकाता से बैठकर गिरोह संचालित करता है। गिरोह में सरगना के सहित चार अन्य लोगों का नाम लोअर बाजार पुलिस को मिला है।

थाना प्रभारी दयानंद कुमार ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली के व्यक्ति के एकाउंट से इस गिरोह ने साइबर फ्रॉड किया था, उसी एकाउंट नंबर से फर्जी पता के आधार पर गिरोह के सदस्यों ने मोबाइल फोन मंगाया था। वह मोबाइल फोन सुधा कॉम्प्लेक्स स्थित मो. अमन के मोबाइल दुकान में आरोपियों ने बेचा था। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को उस एकाउंट से खरीदा गया मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद इस मोबाइल पर दिल्ली पुलिस ने फोन किया। मोबाइल मो.अमन के पास था। बुधवार की रात आरोपित मो. अमन के दो विवो तथा एक आईफोन बेचने के लिए उसके पास पहुंचे तभी मो. अमन सहित सुधा कॉम्प्लेक्स के अन्य दुकानदारों ने बसीर और शमीम अंसारी को पकड़ लिया और लोअर बाजार पुलिस को सौंप दिया। लोअर बाजार पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया।