जयपुर:(Raj Vis result) राजस्थान विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान के साथ ही भारतीय जनता पार्टी जीत की ओर अग्रसर होते हुए बहुमत का आंकडा पार करती दिखाई दे रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Chief Minister Ashok Gehlot) की गारंटी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी भारी पड़ती दिख रही है। सुबह ग्यारह बजे तक के रुझानों में भाजपा 115 और कांग्रेस 68 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य 16 सीटों पर निर्दलीय व अन्य दलों के उम्मीदवार आगे हैं। सरदारपुरा सीट से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आगे चल रहे हैं। विद्याधर नगर सीट से दीया कुमारी आगे चल रही हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आगे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी,नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड पीछे चल रहे हैं। आमेर सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी पीछे चल रहे हैं।
दोपहर एक बजे तक यह तस्वीर लगभग साफ हो जाएगी कि नई सरकार किसकी होगी। राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था। श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत कुन्नर के निधन के कारण वहां चुनाव नहीं हुए हैं। इस विधानसभा चुनाव में 1863 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।


