spot_img

Raipur: प्रदेश में रायपुर सहित कई जगहों पर बारिश

रायपुर: (Raipur) कवर्धा और रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज मंगलवार सुबह से हल्की बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है। दुर्ग-भिलाई, रायपुर सहित कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। ऐसा नमी युक्त हवाओं के आने के कारण हो रहा है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल छाए रहेंगे। उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंडक बनी रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में जहां गिरावट आएगी, वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी भी शीतलहर है और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 5.0 डिग्री रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.2 डिग्री रहा।

Explore our articles