रायपुर : (Raipur) उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Vice President Jagdeep Dhankhar,) ने शनिवार को रायपुर में इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय के 38 वें स्थापना समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 हमारा सपना नहीं, हमारा लक्ष्य है। भारत जिस विकास के साथ आगे जा रहा है, दुनिया कह रही है कि भारत आज चमकते तारे की तरह है। भारत हर क्षेत्र में वर्ल्ड लीडर है। सबसे अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन भारत में होते हैं। उपराष्ट्रपति ने यहां विकसित संजीवनी धान के तीन इम्यूनो बूस्टर का लोकार्पण किया।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि देश में बदलाव आया है, हमारी सोच बदल गई है। असफल होने के डर से किसी चीज को आगे नहीं बढ़ाएंगे तो आपका नुकसान कम और देश का नुकसान ज्यादा है। अगर आपने ठान ली तो बदलाव को कोई नहीं रोक पाएगा। कृषि में जितने स्टार्टअप की संभावना है, उसका इस्तेमाल करें। सभी बड़े-बड़े उद्योग इसी में जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी स्थापना समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विकास में कृषि विश्वविद्यालय बड़ी भूमिका निभा रहा है। अनुसंधानों और उद्यमिता के विकास को प्रेरित किया है। हम कृषि विकास को नई ऊंचाइयों पर स्थापित करेंगे। 160 से अधिक फसलों को विकसित किया है। किसानों के जीवन को खुशहाल और समृद्ध बनाएंगे। पीएम मोदी ने किसानों को खुशहाल जीवन की गारंटी दी है। 18 लाख पीएम आवास बनाने की स्वीकृति दी है। पहली कैबिनेट बैठक में 3,799 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
कृषि विश्वविद्यालय के 38 वें स्थापना समारोह में शामिल हुए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इससे पहले विश्वविद्यालय परिसर में मौलश्री पौधे का रोपण किया। उप राष्ट्रपति ने कृषि स्टार्ट अप, बायोटेक और कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे।


