spot_img

New Delhi : केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने ‘कहानी राष्ट्रपति भवन की’ सहित चार किताबों का किया विमोचन

नई दिल्ली : केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में चार पुस्तकों का विमोचन किया। इन पुस्तकों में विंग्स टू अवर होप्स- खंड एक, आशाओं की उड़ान, राष्ट्रपति भवन : हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट और कहानी राष्ट्रपति भवन की शामिल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय सूचना और राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन और सचिव, सूचना एवं प्रसारण संजय जाजू मौजूद थे। विंग्स टू आवर होप्स और आशाओं की उड़ान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यकाल के पहले वर्ष यानि जुलाई 2022-जुलाई 2023 में विभिन्न अवसरों पर दिए गए भाषण शामिल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज जारी की गई पुस्तकें भारतीय गणतंत्र के प्रतीक राष्ट्रपति भवन की विरासत का एक समृद्ध चित्रण हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व भाषणों का संकलन हमारे लोकतंत्र और संपूर्ण समाज के लिए अमूल्य निधि हैं। यह संकलन महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य वंचित वर्गों, किसानों, सशस्त्र बलों और युवाओं सहित सभी देशवासियों के प्रति राष्ट्रपति मुर्मू की करुणा की एक प्रभावी अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि किताबों में दिए गए संदेश हर भारतीय को आशा के साथ उड़ान भरने और अधिक ऊंचाइयों के लक्ष्य के लिए प्रेरित करेंगे। उन्हाेंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति के भाषणों के इस संकलन को पढ़ने से देश की सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों, उपलब्धियों की दिशा और आत्मनिर्भरता दिखाने वाली पहलों पर हमारी दृष्टिकोण वृहद होगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने जनहित के विभिन्न विषयों पर नियमित रूप से पुस्तकें प्रकाशित करने के लिए प्रकाशन विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें विभिन्न मुद्दों पर राष्ट्रपति के विचारों का सबसे प्रामाणिक संकलन हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महान संग्रह के रूप में काम करेंगी। कार्यक्रम के बाद शिवराज सिंह चौहान, एल. मुरूगन और संजय जाजू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सभी पुस्तकों की एक प्रति भेंट की।

Explore our articles