नई दिल्ली : देश में टोल (पथकर) वसूली के लिए फास्टैग सिस्टम का कार्यान्वयन निरंतर वृद्धि के साथ सफल साबित हुआ है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कहा है कि फास्टैग से टोल संग्रह 29 अप्रैल को 193.15 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। एक दिन में 1.16 करोड़ लेन-देन हुए।
एनएचएआई ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने फरवरी 2021 में फास्टैग को अनिवार्य कर दिया था। फास्टैग कार्यक्रम के तहत टोल प्लाजा 770 से बढ़कर 1,228 पहुंच गए हैं, जिसमें 339 राज्य टोल प्लाजा शामिल हैं। टोल संग्रह में प्रभावी उपयोग के बाद फास्टैग ने देश के 50 से अधिक शहरों में 140 से ज्यादा पार्किंग स्थलों में भुगतान सिस्टम को सुगम बनाया है। देशभर में और सुगम टोल व्यवस्था के लिए ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम आधारित (टोल) पथकर व्यवस्था लागू करने के लिए कार्यों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम चल रहा है।


