spot_img

New Delhi : शाहबाद डेयरी हत्याकांड संवेदनशील स्वभाव की थी साक्षी, 10 दिन पहले भी आई थी घर

दिल्ली में सिरफिरे आशिकों ने पहले भी की है दरिंदगी

नई दिल्ली : बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में साक्षी से जुड़े भावुक पक्ष सामने आ रहे हैं। इस बाबत साक्षी की सहेली ने कहा कि साक्षी अक्सर उसके घर आती थी। घटना वाले दिन भी मेरी बेटी के लिये उपहार के तौर पर नए कपड़े लेकर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आ रही थी, लेकिन उसकी हत्या कर दी गई।

16 वर्षीय साक्षी की हत्या के बाद उससे जुड़ी बातें एक-एककर सामने आ रही हैं। जब साक्षी की सहेली (मुस्कान- बदला हुआ नाम) से हिन्दुस्थान समाचार ने बात की तो उसने कहा कि साक्षी बड़ी ही भावुक लड़की थी। वह मेरी बेटी के लिये नए कपड़े खरीद कर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आ रही थी। दुर्भाग्य से यह घटना हो गई।

मुस्कान ने कहा कि घटना से 10 दिन पहले भी साक्षी घर आई थी। वह अक्सर मेरे घर रुका करती थी। हालांकि, मुस्कान ने इस बात से इनकार किया कि उसे साहिल और साक्षी के बीच हुए किसी झगड़े की जानकारी थी। इस बाबत उसने कहा कि दोनों के बीच किस बात पर झगड़ा हुआ था, उसकी जानकारी नहीं थी।

बातचीत के दौरान मुस्कान ने कहा कि उसके पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे और वह घर पर दो-तीन दिनों से अकेली रह रही थी। हमारे बीच गहरी दोस्ती थी। हालांकि, हमने साथ में पढ़ाई नहीं की थी, लेकिन वह मेरे सबसे ज्यादा नजदीक थी। कल (रविवार) को मेरी बेटी का जन्मदिन था। वह पार्टी की तैयारियों में जुटी हुई थी। साक्षी ने मुझसे कहा कि मैं घर जा रही हूं। कुछ देर बाद कपड़े बदलकर फिर आऊंगी।

आगे उसने कहा कि कुछ देर बाद वह मुझसे बाजार में मिली। वहां मेरी बेटी के लिए कपड़े खरीद रही थी। बाजार में उसने मुझसे कहा कि आप घर जाएं। वह थोड़ी देर में आती है। यह मुझे नहीं मालूम था कि साक्षी से मेरी अंतिम भेंट है।

अपनी दोस्ती के बारे में मुस्कान ने कहा कि साक्षी के साथ मेरी जान पहचान 6-7 महीने पुरानी है, लेकिन साहिल और साक्षी के आपसी रिश्ते के बारे में पहले मुझे कोई जानकारी नहीं थी। कुछ दिन पहले उसने बताया था कि साहिल उसका दोस्त है। दोनों के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। इनकी आपस में बातचीत भी बंद थी। साक्षी मेरे सामने कभी साहिल से बात नहीं करती थी। मुझे हमेशा सब कुछ सामान्य ही लगता था। इस घटना ने भयभीत कर दिया है और मेरी सबसे अच्छी सहेली अब नहीं रही।

दिल्ली में सिरफिरे आशिकों ने पहले भी की है दरिंदगी

शाहबाद डेयरी इलाके में हुई नाबालिग की हत्या और उसके बाद वायरल हुई वारदात की वीडियों ने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया है। हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब ऐसी क्रूरता किसी आशिक ने दिखाई है। इससे पहले भी दिल्ली में प्रेम प्रसंग, संबंध के टूटने के बाद ऐसी घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं।

जनवरी 2023 : आदर्श नगर इलाके में सुखविंदर नाम के युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को चाकू से गोदकर सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि लड़की के घरवाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक अंबाला भाग गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे वहीं से दबोचा। बाद में घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें युवक की क्रूरता देखकर लोग दंग रह गए थे।

अप्रैल 2023: मोलरबंद इलाके में 17 साल की लड़की पर उसके प्रेमी प्रिंस ने चाकू से कई वार किए। दोनों में प्रेम प्रसंग था, लेकिन कुछ समय से लड़की ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। इसके चलते युवक ने उस पर चाकू से कई वार किए थे।

मई 2022: महरौली इलाके में आफताब अमीन पूनावाला नाम के युवक ने अपनी प्रेमिका श्रद्धा वॉकर की हत्या के बाद उसके 35 टुकड़े करके जंगल में फेंक दिए थे। कुछ माह बाद इस मामले का पर्दाफाश हुआ। आफताब को शक था कि श्रद्धा उसे छोड़ने वाली है, इसलिए उसने श्रद्धा की हत्या कर दी थी।

जुलाई 2022 : विश्वास नगर इलाके में दीपक भाटी नाम के युवक ने एक महिला की हत्या कर दी। वह महिला के साथ प्रेम संबंध में था, लेकिन कुछ दिनों बाद महिला ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। इससे वह नाराज था।

सितंबर 2021 : उत्तम नगर इलाके में अंकित नाम के युवक ने 22 साल की युवती पर चाकू से कई बार हमले कर उसकी हत्या कर दी थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन बाद में युवती ने अंकित से बात करना बंद कर दिया था। इससे नाराज होकर आरोपित ने यह कदम उठाया।

सितंबर 2016 : बुराड़ी इलाके में सुरेंद्र सिंह नामक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। युवक ने उस पर चाकू से 30 वार किए थे। किसी बात पर झगड़ा होने के बाद युवती ने आरोपित से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह नाराज था।

जुलाई 2015 : आनंद पर्वत इलाके में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो भाइयों ने अपनी मां के साथ मिलकर 11वीं कक्षा की एक छात्रा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपितों ने लड़की के शरीर पर चाकू से 35 वार किए थे। आरोपित जयप्रकाश, इलू और उनकी मां शशि के खिलाफ लड़की ने पुलिस में शिकायत कर रखी थी।

Mumbai : अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर निकली अफवाह

मुंबई : (Mumbai) सोशल मीडिया पर मंगलवार रात अभिनेता अमिताभ बच्चन (actor Amitabh Bachchan) के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैंस को...

Explore our articles