
बलिया : (Ballia) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ मर्डर मामले (murder case of Chandranath Rath) में बलिया के अपराधियाें की संलिप्तता केंद्र में दिख रही है। इस हत्याकांड को सुलझाने में जुटी सीबीआई के राडार पर बलिया का एक और अपराधी है। जिसकी तलाश में उसके बलिया समेत कई ठिकानों पर सीबीआई की टीम (CBI teams) दबिश दे चुकी है। इस हाई प्रोफाईल मर्डर में जिस कार का इस्तेमाल हुआ, उसका कनेक्शन भी बलिया से जुड़ता प्रतीत हाे रहा है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ (Suvendu Adhikari’s PA, Chandranath Rath) की हत्या में जिस कार का शूटरों ने इस्तेमाल किया, वह बलिया से खरीदी गई थी या नहीं, इसके रहस्य का खुलासा बलिया के ही रहने वाले एक व्यक्ति के बयान से होता दिख रहा है। चंद्रनाथ रथ की हत्या से पांच दिन पहले एक मई को 50 हजार में निशान माइक्रा कार को बेचने वाले बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने कई राज खोले हैं। जितेन्द्र सिंह ने मीडिया काे बताया कि अक्टूबर महीने में उन्ही के गांव के रहने वाले बंटू उर्फ दीपक ने मुझे यह कार 35 हजार में ख़रीदवाई थी। फिर उसी कार को बंटू ने ही इलाके के एक हिस्ट्रीशीटर को कई बार मना करने के बाद 50 हजार में 1 मई को मुझसे बिकवा दिया।
जितेन्द्र का दावा है कि उसे नहीं पता था कि वह एक अपराधी किस्म का आदमी है। उन लोगों ने कार खरीदने के बाद नाम ट्रांसफर करने की बात कहने पर कहा था कि पहले गाड़ी बनवा लें, फिर नाम ट्रांसफर करवा लेंगे। जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसी सिलसिले में सीबीआई की टीम उनके घर पर पूछताछ करने आई थी कि गाड़ी किसे और कब बेची गई है। सीबीआई यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हाई प्रोफाईल मर्डर में जिस कार का इस्तेमाल हुआ, वह कहीं बलिया से तो नहीं खरीदी गयी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कार खरीदने वाले शख्स पर एक दर्जन से अधिक हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। जिसके घर जांच टीम ने छापेमारी की है, मगर वह फरार हो गया। उस शख्स की इसी हत्याकांड में मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार राजकुमार सिंह के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं। माना जा रहा है कि बलिया से अभी और कई गिरफ्तारियां जल्द हो सकती हैं।


