
जंतर-मंतर पर कॉकरोचों का जबरदस्त प्रदर्शन
नई दिल्ली : (New Delhi) एक हाथ में थाली और दूसरे में चम्मच..और जुबान पर एक ही नारा.. Go धर्मेंद्र प्रधान Go… (Go Dharmendra Pradhan, Go) भीड़ का ये दृश्य देखकर और ये बर्तनों का शोर सुनकर क्या आपको कुछ याद आया. दरअसल ये बीजेपी का वही फॉर्मूला है जो कोरोना को भगाने के लिए जनता के बीच सरकार ने जोरशोर से चलाया था. हर किसी के हाथ में थाली चम्मच थमा दी गई थी और Go कोरोना Go का नारा लगाते हुए लोग बर्तनों को ऐसे पीट रहे थे जैसे मानों सच में इससे ही कोरोना भाग सकता है..अब बीजेपी पर तंज कसने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी ने भी यही फॉर्मुला अपनाया..उन्हें लगा कि जब इस तरकीब से कोरोना भाग सकता है तो फिर एक शिक्षा मंत्री क्यों नहीं..फिर क्या सभी लोगों से अपील कर दी गई. थाली और चम्मच के साथ जंतर मंतर पहुंचे और फिर अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) के साथ शुरु हुआ सबसे अलग वाला प्रदर्शन।
जंतर-मंतर पर दूसरा बड़ा प्रदर्शन
कथित परीक्षा अनियमितताओं, बार-बार होने वाले पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर युवा नेतृत्व वाले संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) (‘Cockroach Janata Party’) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना दूसरा बड़ा प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। छात्र हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा से जुड़े सवालों के जवाब मांग रहे थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रबंधन में कथित खामियों के खिलाफ आवाज उठाई। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन में शामिल होने वालों से ‘थाली और चम्मच’ लेकर आने की अपील की थी। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग थालियां और चम्मच लेकर पहुंचे और उन्हें बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी को लिखा खुला पत्र
इस प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा था। इस पत्र में उन्होंने छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी। वहीं, सीजेपी लगातार परीक्षा संबंधी मामलों के प्रबंधन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Union Education Minister Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग भी कर रही है।
‘दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए’
20 जून को हुआ यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर सीजेपी के पहले आंदोलन के बाद आयोजित किया गया। इससे पहले भी संगठन ने कथित पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और छात्रों व नौकरी के अभ्यर्थियों को प्रभावित करने वाली देरी जैसे मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सीजेपी ने प्रदर्शन का समय बढ़ाने की मांग की
अभिजीत दीपके की समय बढ़ाने की अपील के बाद, दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को जारी रखने की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद सीजेपी के संस्थापक दीपके का कहना है कि दिल्ली पुलिस की तरफ से इजाजत न बढ़ाए जाने के बावजूद वे विरोध प्रदर्शन वाली जगह से नहीं हटेंगे।





