
मुंबई : (Mumbai) दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी कोनिडेला (South Indian cinema superstar Ram Charan and his wife, Upasana Kamineni Konidela) ने पहली बार अपनी बेटी क्लिन कारा (Klin Kaara) का चेहरा सार्वजनिक किया है। बेटी के जन्म के बाद से ही प्रशंसक उसकी झलक देखने का इंतजार कर रहे थे। अब क्लिन कारा के जन्मदिन के अवसर पर साझा की गई पारिवारिक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और प्रशंसकों से भरपूर प्यार बटोर रही है।
क्लिन कारा के तीसरे जन्मदिन पर राम चरण और उपासना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फैमिली फोटो साझा की। तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भावुक संदेश भी लिखा। लंबे समय बाद पहली बार बेटी का चेहरा सामने आने से प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला और तस्वीर पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने क्लिन कारा की तस्वीर पर जमकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने उसे ‘नन्ही राजकुमारी’ (little princess) बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जबकि कुछ प्रशंसकों ने उसकी मासूमियत और मुस्कान की तारीफ की। राम चरण और उपासना अक्सर अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक नजरों से दूर रखते हैं, ऐसे में बेटी की पहली झलक ने उनके प्रशंसकों को एक खास तोहफा दे दिया है।





