
ठाणे : (Thane) ठाणे महानगरपालिका (Thane Municipal Corporation) ने अपने क्षेत्राधिकार में अवैध रूप से संचालित गोदामों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में दिवा प्रभाग समिति क्षेत्र (Diva Division Committee area) में शनिवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 39 अनधिकृत गोदामों को हटाया गया। यह कार्रवाई शिलफाटा स्थित अचार गली क्षेत्र में की गई, जहां बिना अनुमति संचालित गोदामों के विरुद्ध बेदखली अभियान चलाया गया।
मनपा प्रशासन के अनुसार, यह अभियान आयुक्त सौरभ राव तथा अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे (Commissioner Saurabh Rao and Additional Commissioner Prashant Rode) के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी उपायुक्त जितेंद्र निकम, उपायुक्त दीपक झिंजाड तथा दिवा प्रभाग समिति के सहायक आयुक्त शिवप्रसाद नागरगोजे (Deputy Commissioners Jitendra Nikam and Deepak Zinjad, along with Diva Division Committee Assistant Commissioner Shivprasad Nagargoje) के मार्गदर्शन में की जा रही है।
महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में उन गोदामों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां रसायन (केमिकल), प्लास्टिक, ज्वलनशील पदार्थ तथा स्क्रैप सामग्री का भंडारण किया जा रहा था। ऐसे गोदामों से आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, इसलिए संभावित जोखिमों को देखते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त दीपक झिंजाड ने बताया कि सरकारी, आरक्षित तथा सार्वजनिक भूखंडों पर बने अनधिकृत गोदामों का सर्वेक्षण और निरीक्षण लगातार जारी है। जांच में अवैध पाए जाने वाले सभी गोदामों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सरकारी भूमि पर होने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।





