spot_img

New Delhi : मंत्री प्रवेश वर्मा ने पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित किया

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पटपड़गंज में निरीक्षण के दौरान नालों की सफाई में कमी पाए जाने पर पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि वे अपना काम सही ढंग से नहीं करेंगे, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी मंत्री शुक्रवार को पटपड़गंज के दौरे पर पहुंचे। यहां पीडब्ल्यूडी की सड़क के साथ जो नाला है, उसे साफ नहीं किया गया था। उसी से नाराज होकर प्रवेश वर्मा ने यह फैसला किया। प्रवेश वर्मा दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर निर्माण कार्यों और नालों की सफाई व्यवस्था की निरीक्षण कर रहे हैं।

इससे पहले आज प्रवेश वर्मा ने त्रिलोकपुरी के पास चिल्ला गांव में सड़कों और नालियों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां नालियों के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सभी नालियों के ऊपर अतिक्रमण करेंगे तो उसकी सफाई नहीं हो पाएगी। मानसून के समय नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस जाएगा। इस समस्या को हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। मानसून से पहले युद्ध स्तर पर सभी नालों और नालियों की सफाई की जाएगी। इससे लोगों को मानसून के समय कोई परेशानी नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की भाजपा सरकार दिल्ली को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Explore our articles