spot_img

New Delhi : 10 किलो सोने की लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जीएसटी अधिकारी बनकर की थी लूट

नई दिल्ली : बाहरी दिल्ली के रानी बाग में एक ज्वेलर्स से 10 किलो सोने की लूट के मास्टरमाइंड को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने ज्वेलर्स को नकली जीएसटी अफसर बनकर लूटा था। लूटे गए सोने की कीमत 6 करोड़ रुपये के करीब बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले की शिकायत 14 जुलाई को रानी बाग थाने को दी गई थी। शिकायतकर्ता ज्वेलर ने बताया कि उन्होंने अपने दो कर्मचारी बलराज सिंह और राजन बाबा को कार से करोल बाग से सोना लेने के लिए भेजा था। दोनों कर्मचारी सोना लेकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें दो युवक मिले। दोनों ने खुद को जीसीटी अफसर बताया। उन्होंने खुद अपना आई कार्ड भी दिखाया और कहा कि तुम जो सोना ले जा रहे हो, यह अवैध है। इसके बाद कर्मचारियों ने अपने मालिक रविंद्र सिंह से इन दोनों की बात कराई। उन्होंने कहा कि हम सोना लेकर जा रहे हैं। अगले दिन जीएसटी ऑफिस आकर सोना ले जाना। इसके बाद से दोनों फरार हो गए।

इस संबंध में रानी बाग थाने में मामला दर्ज किया गया और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पंजाब लुधियाना का रहने वाला है। आरोपित की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है। उसके ऊपर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित के पास से आठ गोल्ड प्लेट बरामद की गई हैं, जिसकी कीमत साढ़े चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले में ज्वेलर्स की दुकान पर काम करने वाला एक कर्मचारी भी शामिल पाया गया है। वही आरोपितों को पूरी जानकारी उपलब्ध करवाता था। उस सहित एक एक आरोपित फरार है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है।

Explore our articles