spot_img

New Delhi : के. कविता और मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 31 जुलाई तक बढ़ी

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल जज कावेरी बावेजा (Special Judge Kaveri Baveja of Rouse Avenue Court) ने दिल्ली आबकारी घोटाला से जुड़े सीबीआई मामले में बीआरएस नेता के. कविता और मनीष सिसोदिया (BRS leader K. Kavitha and Manish Sisodia) की न्यायिक हिरासत 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। आज कविता और मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी। दोनों को आज तिहाड़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया।

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 22 जुलाई को के. कविता के खिलाफ सीबीआई की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। सीबीआई ने कविता को इस मामले में 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने 7 जून को के कविता के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने ईडी की ओर से के कविता के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर 29 मई को संज्ञान लिया था।

ईडी ने इस मामले में मनीष सिसोदिया को 9 मार्च, 2023 को पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। सिसोदिया को पहले सीबीआई ने 26 फरवरी, 2023 को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, बीआरएस नेता के कविता हैं। संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट नियमित जमानत दे चुका है।

Explore our articles