spot_img

New Delhi : एक हफ्ते में 2,721 रुपये चढ़ा सोना

New Delhi: Gold Rises by ₹2,721 in a Single Week

चांदी भी 11,363 रुपये उछली, बुलियन बाजार में हलचल
नई दिल्ली : (New Delhi)
वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के बीच घरेलू बुलियन बाजार (domestic bullion market) में इस सप्ताह सोना और चांदी दोनों ने जोरदार तेजी दर्ज की। एक सप्ताह में सोना 1.83 प्रतिशत चढ़ा, जबकि चांदी ने भी निवेशकों को बड़ा रिटर्न दिया।

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (Multi Commodity Exchange) (एमसीएक्स) पर जून डिलीवरी वाला सोना वायदा 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,52,589 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी वायदा में 1.34 प्रतिशत यानी 3,459 रुपये की तेज छलांग दर्ज की गई और इसका भाव 2,61,999 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।

(India Bullion and Jewellers Association) (आईबीजेए) के आंकड़ों के अनुसार, 999 शुद्धता वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,51,078 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को यह 1,48,357 रुपये था। यानी केवल पांच कारोबारी दिनों में सोना 2,721 रुपये महंगा हो गया।

चांदी में तेजी और अधिक मजबूत रही। आईबीजेए के मुताबिक, 999 शुद्धता वाली चांदी शुक्रवार को 2,55,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोमवार को इसका भाव 2,44,237 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह सप्ताहभर में चांदी 11,363 रुपये प्रति किलो उछल गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान (US and Iran) के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों, वैश्विक अनिश्चितता और डॉलर इंडेक्स में कमजोरी ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर सोने-चांदी की ओर आकर्षित किया। हालांकि अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों ने बाजार को संकेत दिया है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनाए रख सकता है।

अमेरिकी श्रम विभाग (US Department of Labor) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में रोजगार वृद्धि उम्मीद से बेहतर रही, जबकि बेरोजगारी दर 4.3 प्रतिशत पर स्थिर बनी रही। इसके बावजूद डॉलर पर दबाव और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के कारण बुलियन बाजार में तेजी का रुख कायम रहा।

Explore our articles