spot_img

New Delhi : चार दिन का कारोबार, आसमान पर शेयर बाजार

सेंसेक्स और निफ्टी में 2.75 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल

नई दिल्ली : भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछला कारोबारी सप्ताह जबरदस्त मजबूती वाला सप्ताह साबित हुआ। बकरीद की छुट्टी होने की वजह से पिछले कारोबारी सप्ताह में सिर्फ चार दिन ही कारोबार हुआ। इसके बावजूद घरेलू शेयर बाजार लगातार दो दिन ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाने में सफल रहा। निफ्टी और सेंसेक्स दोनों सूचकांकों ने नई ऊंचाई हासिल की। इसकी वजह से सेंसेक्स पहली बार 64,700 अंक के स्तर को पार करने में सफल हुआ, वहीं निफ्टी ने 19,200 अंक के स्तर को छू लिया।

पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान बाजार में बने उत्साह के माहौल की वजह से सेंसेक्स 1,739.19 अंक यानी 2.76 प्रतिशत की उछाल के साथ 64,718.56 अंक तक पहुंचकर बंद हुआ। आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 64,768.58 अंक के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसी तरह एनएसई का निफ्टी पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान 523.50 अंक यानी 2.80 प्रतिशत की उछाल के साथ 19,189.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इस दौरान निफ्टी ने 19,201.70 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंचने में भी सफलता पाई।

सोमवार से लेकर शुक्रवार तक हुए कारोबार के दौरान बीएसई के लार्जकैप इंडेक्स में करीब 2.7 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। बीएसई में सबसे अधिक मजबूती हासिल करने वाली कंपनियों में स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी, इंटरग्लोब एवियशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडाणी एटरप्राइजेज, टाटा मोटर्स, सन फार्मास्यूटिकल्स और इंफोसिस के शेयर शामिल हैं।

इसी तरह बीएसई के मिडकैप इंडेक्स ने पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान 3 प्रतिशत की मजबूती हासिल की। मिडकैप इंडेक्स में आदित्य बिड़ला कैपिटल, निप्पॉन लाइफ इंडिया ऐसेट मैनेजमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशयल सर्विसेज, ग्लैंड फार्मास्युटिकल्स, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज, बायोकॉन, मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज और एल एंड टी फाइनेंस होल्डिंग्स के शेयरों ने जबरदस्त मजबूती हासिल की। इन कंपनियों के शेयर में कारोबारी सप्ताह के दौरान 8 से लेकर 15 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई।

लार्जकैप और मिडकैप की तरह ही स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान मजबूती दर्ज की। बाजार में हुई खरीदारी के कारण स्मॉलकैप इंडेक्स 2 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में कुछ शेयरों ने 20 से लेकर 30 प्रतिशत तक की मजबूती हासिल की। इन शेयरों में कर्नाटक बैंक, पराग मिल्क फूड्स, जेबीएम ऑटो, सरला परफॉर्मेंस फाइबर्स, पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज, 63 मून्स टेक्नोलॉजी, जय भारत मारुति, श्री रायलसीमा हाई स्ट्रेंथ, जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज और एशियन एनर्जी सर्विसेज के नाम शामिल हैं।

कंपनियों के प्रदर्शन के आधार पर देखा जाए तो पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में शामिल एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप सबसे अधिक बढ़ा। वहीं मार्केट कैप के मामले में टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। दूसरी ओर मार्केट कैप में गिरावट के लिहाज से टेक महिंद्रा, टाटा स्टील और एनटीपीसी पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

Explore our articles